मुंबई में अतिक्रमण हटाने गई बीएमसी टीम पर हमला, कांदिवली में अधिकारियों को मॉल में छिपकर बचानी पड़ी जान

Kandivali East स्थित लोखंडवाला इलाके में अतिक्रमण हटाने गई बीएमसी टीम पर फेरीवालों और भीड़ ने हमला कर दिया। अधिकारियों को जान बचाने के लिए पास के सुपर मार्केट में छिपना पड़ा।
Kandivali Hawker Attack Mumbai
कांदिवली हॉकर अटैक मुंबई (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Kandivali Hawkers Attack On BMC Team: मुंबई की सड़कों और फुटपाथों पर फेरीवालों का बढ़ता अतिक्रमण अब तनाव का कारण बनने लगा है। सड़कों पर वाहनों की भीड़ के बीच चलने को मजबूर मुंबईकरों में इससे रोष बढ़ने लगा है।

दूसरी तरफ जनता की मांग पर फेरीवालों के खिलाफ अभियान चलाना बीएमसी के अधिकारियों के लिए खतरे का सबब बन रहा है। इसका प्रमाण कांदिवली-पूर्व स्थित लोखंडवाला इलाके में देखने को मिला है। जहां शुक्रवार की कार्रवाई करने गए बीएमसी अधिकारियों के खिलाफ फेरीवाले आक्रामक हो गए।

इस दौरान अधिकारियों ने पास के सुपर मार्केट में छिपकर फेरीवालों की उग्र भीड़ से खुद को बचाया। शुक्रवार रात करीब 10 बजे BMC की टीम कांदिवली लोखंडवाला परिसर में अनधिकृत दुकानों के बाहर रखे सामान हटाने पहुंची थी।

इसी दौरान वहां मौजूद फेरीवालों और स्थानीय लोगों की भीड़ ने अधिकारियों को घेर लिया और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। भीड़ ने जेसीबी पर पत्थरबाजी कर उसे भी क्षतिग्रस्त कर दिया। बीएमसी के असिस्टेंट इंजीनियर अतुल पंथ ने बताया कि जान बचाने के लिए उन्हें साथियों के साथ भाकर सेंट्रियम मॉल के ब्रह्मांड सुपर मार्केट में किसी तरह से छिपना पड़ा।

वहीं जेसीबी और डंपर ट्रक चालक भी गाड़ियां सड़क पर छोड़कर विर्सप्रंग पाम्स बिल्डिंग में भाग गए। बीजेपी विधायक का गंभीर आरोप स्थानीय बीजेपी विधायक अतुल भातखलकर ने आरोप लगाया कि हमलावर क्रांति नगर के मुस्लिम और बांग्लादेशी नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि बीएमसी अधिकारियों पर ऐसा हमला कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सोमवार को वे इस मुद्दे को विधानसभा में फिर उठाएंगे।

पूरी मुंबई में चल रही है कार्रवाई

गौरतलब हो कि मुंबई में फेरीवालों की भीड़ अचानक कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है। इसमें ज्यादातर संदिग्ध नागरिकता वाले लोग दिखाई देते है। खासकर बीजेपी के नेता ऐसे फेरीवालों को रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिक बताते हैं और कार्रवाई के लिए बीएमसी व पुलिस पर दबाव डाल रहे हैं।

बोरीवली में बीजेपी विधायक संजय उपाध्याय तो वहीं पूर्वी उप नगर में बीजेपी के पूर्व सांसद किरीट सोमैया फेरीवाला विरोधी आंदोलनों की अगुवाई करते नजर आ रहे हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस व अन्य विरोधियों इसे बीजेपी का राजनीतिक स्टंट बता रहे हैं। उनका आरोप है कि बांग्लादेशी के नाम पर भारतीय मुसलमानों एवं प्रवासी उत्तर भारतीयों को बीएमसी के अधिकारी निशाना बना रहे हैं। मुलुंड में कांग्रेस के प्रवक्ता राकेश शेट्टी के नेतृत्व में मुलुंड फेरीवाला संघ के बैनर तले हाल ही में टी वार्ड बीएमसी कार्यालय पर उग्र प्रदर्शन किया गया था।

फेरीवालों में माफिया की घुसपैठ हो गई है। लेकिन हम इसे खत्म करके ही दम लेंगे। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। अगले सप्ताह से मैं कांदिवली के फेरीवालों और बांद्रा में बांग्लादेशी झोपड़ीधारकों के खिलाफ अभियान शुरू करूंगा। - किरीट सोमैया, पूर्व सांसद, बीजेपी

विधानसभा में उठा था मुद्दा

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को ही भिवंडी पूर्व के विधायक रईस शेख ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से फेरीवालों के अधिकारों का मुद्दा विधानसभा में उठाया था। उद्योग मंत्री उदय सामंत ने सदन को बताया कि 2014 के सर्वेक्षण में 32,415 पात्र फेरीवाले चिह्नित किए गए थे, लेकिन स्थायी वेंडिंग जोन आवंटन में कानूनी अड़चनें हैं।

12 लोगों पर मामला दर्ज

पुलिस ने सरकारी काम में बाधा, दंगा, सरकारी संपत्ति को नुकसान और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं के तहत 12 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया। असलम इम्तियाज शेख, कुलदीप सिंह, महेंद्र सिंह चुडीवत, जश हितेश चार्ला और शौर्य चार्ला नामक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विधायक भातखलकर ने बीएमसी अधिकारियों को शरण देकर उनकी जान बचाने वाले ब्रह्मांड सुपर मार्केट के मालिक को सम्मानित किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com