

Mumbai Tourism Cruise Terminal: मुंबई का पूर्वी समुद्री तट अब आम लोगों के लिए नए पर्यटन और मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। इसी के साथ ही इस मानसून में ऐतिहासिक बैलार्ड एस्टेट स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल को जनता के लिए खोल दिया गया है। ऐसे में जहां कभी सिर्फ जहाजों की आवाजाही होती थी, वहां अब मुंबईकर समुद्र के किनारे घूमने, खरीदारी और मनोरंजन का आनंद ले सकेंगे।
यहां सालभर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है, जबकि जल्द ही एक सार्वजनिक सी-फ्रंट पार्क भी विकसित किया जाएगा, जिससे मुंबईकर समुद्र के और करीब आ सकेंगे। मानसून में क्रूज जहाजों का संचालन बंद रहने के कारण टर्मिनल की दो मंजिलों को लोगों के लिए उपलब्ध कराया गया है।
यहां आने वाले लोग खरीदारी, स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद, पिकलबॉल, गो-कार्टिंग और बच्चों के लिए बनाए गए विशेष खेल क्षेत्रों का लाभ उठा सकते हैं। इसके अलावा समुद्र में खड़े जहाजों का नजारा भी यहां का प्रमुख आकर्षण है। कुछ गतिविधियां निःशुल्क हैं, जबकि कुछ के लिए टिकट की व्यवस्था की गई है।
क्रूज टर्मिनल पूर्व इंदिरा डॉक परिसर में स्थित है। यहां 21 जून से 23 जुलाई तक 'पियर पॉप' फेस्टिवल आयोजित किया जा रहा है। मानसून के दौरान खाली रहने वाले इमिग्रेशन और कस्टम्स क्षेत्रों को इस अवधि में सांस्कृतिक और मनोरंजन गतिविधियों के लिए उपयोग में लाया गया है। भविष्य में यहां सेलिंग क्लब, लाइव म्यूजिक वेन्यू, रिटेल स्टोर और रेस्तरां भी विकसित किए जाएंगे, ताकि यह परिसर वर्षभर लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहे।
मुंबई परियोजना के तहत टर्मिनल के बाहर एक सार्वजनिक सी-फ्रंट पार्क भी विकसित किया जाएगा, जहां लोग सैर कर सकेंगे और समुद्र के सुंदर दृश्य का आनंद ले सकेंगे। साथ ही ईस्टर्न फ्रीवे और अटल सेतु जैसी परियोजनाओं के कारण बैलार्ड एस्टेट तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक आसान हो गई है।