मुंबई से 100 समुद्री मील दूर तेल तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, तटरक्षक बल ने पकड़े 3 जहाज

Indian Coast Guard ने समुद्री-हवाई अभियान चलाकर मुंबई से 100 समुद्री मील दूर अंतरराष्ट्रीय तेल तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया। हाईटेक निगरानी से तीन संदिग्ध जहाज पकड़े गए।
Indian Coast Guard
भारतीय तटरक्षक बल (सौ. सोशल मीडिया )
Updated on

Mumbai Offshore Smuggling Racket News: भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने मुंबई से करीब 100 समुद्री मील पश्चिम में अरब सागर के बीच एक बड़े अंतरराष्ट्रीय तेल तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है।

5 और 6 फरवरी 2026 को चलाए गए संयुक्त समुद्री-हवाई अभियान के दौरान तीन संदिग्ध जहाजों को रोककर पकड़ा गया। यह कार्रवाई तटरक्षक बल की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

हाईटेक निगरानी से मिली अहम जानकारी

अभियान उन्नत तकनीक आधारित समुद्री निगरानी प्रणाली से मिली खुफिया सूचना पर आधारित था। डिजिटल सर्विलांस, डेटा एनालिसिस और पैटर्न ट्रैकिंग की मदद से अधिकारियों ने भारतीय विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र में एक मोटर टैंकर की संदिग्ध गतिविधियों को ट्रैक किया। इसके बाद जांच में दो अन्य जहाजों की भी पहचान की गई।

मिड-सी ट्रांसफर से चल रहा था अवैध कारोबार

जांच में सामने आया कि तस्कर अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में जहाजों के बीच अवैध रूप से तेल और तेल आधारित कार्गो का ट्रांसफर कर रहे थे। यह प्रक्रिया समुद्र के बीच में की जाती थी ताकि कानून प्रवर्तन एजेंसियों की नजर से बचा जा सके। पकड़े गए जहाजों से संबंधित दस्तावेजों और गतिविधियों की जांच जारी है।

संघर्ष प्रभावित देशों से सस्ता तेल लाने का खेल

अधिकारियों के अनुसार, गिरोह संघर्ष प्रभावित देशों से कम कीमत पर तेल खरीदता था और समुद्र में टैंकरों के जरिए उसका ट्रांसफर कर भारी मुनाफा कमाता था। यह पूरा नेटवर्क बेहद संगठित और तकनीकी रूप से उन्नत तरीके से संचालित किया जा रहा था।

आगे की जांच जारी

तटरक्षक बल ने जहाजों और चालक दल से पूछताछ शुरू कर दी है। संबंधित एजेंसियां अब इस रैकेट के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और अन्य संभावित सहयोगियों की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए निगरानी और अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com