

Imtiyaz Khatri Threat Case: मशहूर कारोबारी इम्तियाज खत्री को पाकिस्तान के नंबर से मिली धमकी के मामले में, मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में एक बड़ा और सनसनीखेज मोड़ आया है। इस केस में गिरफ्तार 45 वर्षीय आरोपी मोहम्मद शरीफ के परिवार के तार सीमा पार आतंकी संगठनों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।
इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस की जांच का दायरा काफी बढ़ गया है। मामले की शुरुआत तब हुई जब बांद्रा के गरीब नगर इलाके में अवैध निर्माण पर हुई तोड़क कार्रवाई की इम्तियाज खत्री ने सोशल मीडिया पर तारीफ की थी।
इसके तुरंत बाद उन्हें पाकिस्तान के व्हाट्सएप नंबर से धमकी भरे कॉल और वॉइस मैसेज मिलने लगे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट (सीआईयू) ने जांच संभालते हुए मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पुंछ निवासी मोहम्मद शरीफ को गिरफ्तार किया, जो साल 2008 से मुंबई शहर में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रहा था। जांच के दौरान पुलिस को शरीफ के मोबाइल से पाकिस्तान में मौजूद संदिग्धों के साथ लगातार संपर्क के सबूत मिले हैं।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी का पिता और एक भाई पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में सक्रिय है और उनके आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से संबंध होने की बात सामने आई है। इतना ही नहीं, शरीफ का एक अन्य भाई हिजबुल मुजाहिद्दीन से कथित तौर पर जुड़ा हुआ है।
फिलहाल मुंबई क्राइम ब्रांच इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि क्या शरीफ सीमा पार बैठे, अपने पिता और भाइयों के सीधे संपर्क में था?
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या उसे मुंबई में किसी बड़े आतंकी टास्क या साजिश को अंजाम देने का निर्देश मिला था। शरीफ के अंतरराष्ट्रीय संपकों को खंगाला जा रहा है ताकि इस धमकी के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जा सके।