होली पर 80 हजार करोड़ का कारोबार संभव, एमएमआर में 10 हजार करोड़ का अनुमान

Holi Business 2026: इस साल होली पर देशभर में 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक के व्यापार का अनुमान है। एमएमआर में 10 हजार करोड़ का कारोबार संभव है, जबकि बाजारों में स्वदेशी उत्पादों की मांग बढ़ी है।
Holi Business
होली बिजनेस (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Holi 2026 Business Turnover India: इस साल होली के अवसर पर देशभर में लगभग 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के लगभग 60 हजार करोड़ रुपये के व्यापार की तुलना में लगभग 25 प्रतिशत अधिक होगा।

यह अनुमान व्यापार महासंघ 'कैट' ने व्यक्त किया है। केवल मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में ही लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का व्यापार होने की संभावना है। जबकि पिछले साल एमएमआर में करीब 8 हजार करोड़ रुपये का व्यापार हुआ था।

शहर के थोक और खुदरा बाजार रंग-बिरंगे गुलाल, आकर्षक पिचकारियों, गुजिया की मालाओं और ड्राई फ्रूट पैकों से सजे हुए हैं तथा दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। मिठाई की दुकानों पर भी विशेष रूप से होली की पारंपरिक मिठाई गुजिया की बिक्री में बड़ा उछाल आया है।

चाइनीय सामानों का क्रेज लगातार हो रहा कम

'कैट' के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' के आह्वान का व्यापक प्रभाव बाजारों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। इस बार होली के अवसर पर भारतीय निर्मित हर्बल गुलाल, प्राकृतिक रंग, पिचकारियां, गुब्बारे, चंदन, पूजन सामग्री, परिधान तथा अन्य स्वदेशी उत्पादों की बिक्री बड़े पैमाने पर हो रही है, जबकि वर्ष 2021 से पहले बाजारों में चाइनीज सामान का वर्चस्व हुआ करता था। होली से संबंधित वस्तुओं के अलावा मिठाइयों, ड्राई फ्रूट्स, गिफ्ट आइटम, फूल-फल, कपड़े, फर्निशिंग फैब्रिक, किराना, एफएमसीजी उत्पादों तथा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स की भी बाजारों में भारी मांग देखी जा रही है।

होलिका दहन 3 मार्च को

होली खेलने के लिए सफेद टी-शर्ट, कुर्ता-पायजामा, सलवार सूट तथा हैप्पी होली लिखी टी-शर्ट भी बड़ी संख्या में खरीदी जा रही हैं। खाद्य तेल व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष शंकर ठक्कर ने बताया कि देशभर में होली मिलन समारोह बड़े स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं।

मुंबई में ही विभिन्न व्यापारिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संगठनों द्वारा 1800 से अधिक होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके चलते बैंक्वेट हॉल, फार्महाउस, होटल, रेस्टोरेंट और सार्वजनिक पार्क लगभग पूरी तरह बुक हो चुके है।

मुंबई में होलिका दहन 3 मार्च को होगा और रंगों की होली 4 मार्च को खेली जाएगी। इस वर्ष लोग केमिकल रंगों की बजाय हर्बल और प्राकृतिक रंगों को अधिक पसंद कर रहे हैं। वहीं बच्चों में स्पाइडर - मैन और छोटा भीम जैसे लोकप्रिय पात्रों वाली पिचकारियों का विशेष आकर्षण देखा जा रहा है। इस वर्ष की होली देशभर के व्यापारियों, खुदरा विक्रेताओं, कुटीर उद्योगों और एमएसएमई क्षेत्र के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी तथा स्वदेशी व्यापार को और मजबूती प्रदान करेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com