मुंबई में मूसलाधार बारिश से थमी रफ्तार; लोकल ट्रेनें लेट और 79 रद्द, हवाई उड़ानें प्रभावित व हाईवे पर भारी जाम

Mumbai Local Train: मुंबई में मूसलाधार बारिश से यातायात चरमरा गया है। जलभराव के कारण 79 लोकल ट्रेनें रद्द हुईं, हवाई उड़ानों पर असर पड़ा और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर भारी जाम लग गया।
Torrential rains disrupted life in Mumbai, leading to the cancellation of 79 local trains, flight delays due to low visibility, and massive jams on the Western Express Highway.
मुंबई लोकल ट्रेन (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mumbai Local Train Cancelled: मंगलवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश बुधवार को भी जारी है। इसका असर सड़क और रेल से लेकर हवाई सफर तीनों पर पड़ा। मुंबई के पश्चिम एक्सप्रेस हाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम के चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस बीच मुंबई की दूसरी लाइफ लाइन बेस्ट की बसें सामान्य रूप से संचालित हुई, जबकि मध्य और पश्चिम रेलवे में उपनगरीय रेल सेवाएं 15 से 20 मिनट की देरी से चल रही थीं।

हालांकि, नवी मुंबई को मुंबई के हिस्सों से जोड़ने वाली हार्बर लाइन पर विद्युत तार टूटने के कारण रेल सेवाएं सुबह 4 बजकर 52 मिनट से 5 बजकर 45 मिनट के बीच बाधित हुई। इस तकनीकी खराबी का असर वेस्टर्न और सेंट्रल रेलवे लाइन पर भी कुछ ट्रेनों पर पड़ा।

79 लोकल करनी पड़ी रद्द

भारी बारिश के चलते मध्य रेलवे की 70 और पश्चिम रेलवे की 9 ट्रेनें को बुधवार को रद्द करनी पड़ी। इसी तरह कम दृश्यता के कारण मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। बुधवार सुबह से ही मुंबई में भारी बारिश होती रही, इसके चलते कई निचले इलाकों में पानी भरने से यातायात में व्यवधान हुआ।

अंधेरी सबवे में लगभग पांच फीट पानी जमा होने के बाद उसे ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया। भारी बारिश का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दिया। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर बोरीवली से बांद्रा की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया। जिससे लोगों को भारी परेशानी हुई।

कम दृश्यता से हवाई उड़ानों पर पड़ा असर

लगातार हो रही बारिश के कारण मुंबई हवाई अड्डे के आसपास दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे पूरे दिन उड़ानों का संचालन चुनौतीपूर्ण बना रहा। अधिकारियों ने कुछ आने वाली उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट किया, जबकि मुंबई पहुंच रहे कई विमानों को लैंडिंग से पहले गो-अराउंड करने के निर्देश दिए गए।

खराब मौसम के कारण प्रस्थान करने वाली कई उड़ानों में भी देरी हुई, जिससे एयरलाइंस के उड़ान कार्यक्रम प्रभावित हुए। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार मौसम सामान्य होने के बाद प्रभावित उड़ानों की आधिकारिक संख्या जारी की जाएगी।

30 मिनट की दूरी तय करने में लगे डेढ़ घंटे

  • मालाड से सांताक्रूज तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखी गई। मालाड, गोरेगांव, जोगेश्वरी, अंधेरी, विले पार्ले और सांताक्रूज समेत पूरे पश्चिम एक्सप्रेस हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।
  • सामान्यतः मालाड से सांताक्रूज की लगभग 30 मिनट की दूरी तय करने में वाहन चालकों को करीब डेढ़ घंटे का समय लग रहा था। उधर, ट्रैफिक पुलिस जाम को कम करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास करती दिखी।
  • साथ ही यातायात को सुचारू बनाने में जुटी रही। वहीं, लगातार बारिश के कारण अंधेरी सबवे में जलभराव हो गया, जिसके चलते प्रशासन ने वहां से यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ दिया। इस बीच बेस्ट की बस सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं, लेकिन मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे की उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवाओं में 15 से 20 मिनट की देरी हुई।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com