FDA की राज्य भर में ताबड़तोड़ 28 छापेमारी, तुकाराम मुंढे ने मिलावटखोरों की तोड़ी कमर; 21 गिरफ्तार

Tukaram Mundhe FDA Action: तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में महाराष्ट्र में सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र अभियान के तहत ताबड़तोड़ 28 जगहों पर छापेमारी की और कार्रवाई में 6.33 करोड़ रुपये का माल जब्त किया।
fda raid maharashtra tukaram mundhe action against adulteration 21 arrested
FDA की कार्रवाई की सांकेतिक फोटो (सोर्स: एआई फोटो)
Published on
Updated on

Tukaram Mundhe Action Against Adulteration: एफडीए राज्यभर में सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र अभियान सख्ती से चला रही है। इस अभियान के तहत 10 से 12 जुलाई के बीच ताबड़तोड़ की गई 28 छापेमारी में 2,19,061 किलो खाद्य पदार्थ और 91,692 लीटर दूध सहित कुल 6.33 करोड़ रुपए मूल्य का माल जब्त किया गया। इसके अलावा प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला के मामलों में 16 एफआईआर दर्ज कर 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

साथ ही 1.62 करोड़ रुपए का माल जब्त किया गया। इसके अलावा करीब 3.23 करोड़ रुपए के न्यूट्रास्यूटिकल्स, मसाले, बेकरी उत्पाद और खाद्य तेल भी जब्त किए गए। दूसरी ओर 60 होटल, रेस्तरां और ढाबों की जांच में 8 को सुधार नोटिस और 5 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए।

एफडीए ने सोलापुर, अहमदनगर और भिवंडी में छह डेयरी इकाइयों पर कार्रवाई करते हुए 91,692 लीटर दूध और 26,425 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर व स्प्रे ड्राइड डेयरी क्रीमर सहित 1.47 करोड़ रुपए का संदिग्ध स्टॉक जब्त किया। भिवंडी स्थित शाह एंटरप्राइजेज से विभिन्न ब्रांडों के 1.11 करोड़ रुपए मूल्य के मिसब्रांडेड स्किम्ड मिल्क पाउडर का बड़ा जखीरा भी कब्जे में लिया गया।

छत्रपति संभाजीनगर में ताबड़तोड़ कार्रवाई

सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र अभियान के तहत छत्रपति संभाजीनगर में दो खाद्य तेल री-पैकिंग इकाइयों पर छापेमारी कर 2.93 करोड़ रुपए मूल्य का खाद्य तेल जब्त किया गया और दोनों इकाइयों के लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिए गए। नागपुर और भिवंडी में भी खाद्य तेल व हेल्थ सप्लीमेंट्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लाखों रुपए का माल जब्त किया गया। एफडीए ने नागपुर, अमरावती और मुंबई के कई होटल एवं रेस्तरां में गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां मिलने पर उनके लाइसेंस निलंबित किए।

मुंबई के स्कूलों में आठ जागरूकता कार्यालाएं

मुंबई में 1,065 से अधिक शिक्षकों और प्रधानाचार्यों के लिए स्कूलों में सुरक्षित व संतुलित भोजन को लेकर आठ जागरूकता कार्यशालाएं भी आयोजित की गईं। एफडीए ने नागरिकों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता संबंधी शिकायतें पोर्टल,ऐप या टोल-फ्री नंबर पर दर्ज कराने की अपील की है।

आम जनता भी दर्ज करा सकती है शिकायत

FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में चल रहा यह अभियान आने वाले दिनों में और अधिक कड़ा होने जा रहा है। एफडीए ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के आगामी सीजन को देखते हुए पूरे राज्य में यह औचक निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग ने आम नागरिकों से भी सतर्क रहने की अपील की है।

यदि किसी को भी अपने आस-पास खाद्य पदार्थों, दूध या तेल में मिलावट या अस्वच्छता की आशंका होती है, तो वे इसकी शिकायत सीधे एफडीए के आधिकारिक पोर्टल, मोबाइल ऐप या टोल-फ्री नंबर पर दर्ज करा सकते हैं। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी ताकि मिलावटखोरों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com