मुंबई में छठ पूजा को लेकर बैठक, श्रद्धालुओं के लिए मेट्रो और बेस्ट बस सेवा देर रात तक जारी

Chhath Puja: मुंबई में 60 छठ पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, पीने का पानी, शौचालय और देर रात तक मेट्रो-बेस्ट सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
मुंबई में छठ पूजा बैठक (pic credit; social media)
मुंबई में छठ पूजा बैठक (pic credit; social media)
Published on: 
Updated on: 

Chhath Puja Preparations in Mumbai: मुंबई में आगामी छठ पूजा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर निकाय चुनाव नजदीक होने के चलते उत्तर भारतीय श्रद्धालुओं को सुगम सुविधा मुहैया कराने के लिए सह पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा और मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने शुक्रवार को बीएमसी मुख्यालय में छठ पूजा आयोजकों के साथ बैठक की।

बैठक में तय किया गया कि इस वर्ष छठ पूजा बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बीएमसी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पूजा स्थलों पर पीने का पानी, प्रकाश व्यवस्था, टेबल, शौचालय और महिला श्रद्धालुओं के लिए कपड़े बदलने के अलग कमरे बनाए जाएं।

60 स्थलों पर आयोजित होगी छठ पूजा

बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त अमित सैनी, उपायुक्त प्रशांत सकपाले, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त परमजीत कुमार दहिया, उत्तर भारतीय जनता परिषद महाराष्ट्र अध्यक्ष संजय पांडे और मुंबई भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष तेजिंदर सिंह तिवाना सहित 55 समिति प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित थे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। बीएमसी ने बताया कि पूजा स्थलों की संख्या आवश्यकता पड़ने पर 60 तक बढ़ाई जा सकती है। इसे भी पढ़ें- छठ पूजा इस दिन से, जानिए कौन हैं छठी मैया महाभारतकाल से इसका क्या है संबंध

मेट्रो और बस सेवाएं देर रात तक चालू

अमित साटम ने कहा कि छठ पूजा के दौरान शहर में मेट्रो और बेस्ट बस की सेवाएं देर रात तक चालू रहेंगी, ताकि श्रद्धालु सुगमता से पूजा स्थलों तक पहुंच सकें। उन्होंने सुझाव दिया कि पूजा स्थलों की अनुमति के लिए वन विंडो सिस्टम लागू किया जाए और इसे पांच वर्षों तक मान्य रखा जाए।

ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन की सुविधा

छठ पूजा के आयोजक अपने संबंधित वार्ड में आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी बीएमसी जल्द ही उपलब्ध कराएगी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस द्वारा सभी स्थलों पर पर्याप्त बंदोबस्त और सीसीटीवी निगरानी की जाएगी।

भीड़ का अनुमान बीएमसी के पास नहीं

अमित साटम ने पूछा कि कितने श्रद्धालु आने की संभावना है, बीएमसी उप-आयुक्त प्रशांत सकपाले ने कहा कि यह आंकड़ा पुलिस के पास होगा। मंत्री लोढ़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की नीति के अनुसार सभी त्योहारों को उल्लासपूर्वक मनाने हेतु प्रशासन हर संभव सुविधा उपलब्ध कराएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com