'जब गांव जाता हूं तो विरोधी डिप्रेशन में...', उपमुख्यमंत्री शिंदे ने विपक्ष पर बोला हमला

Eknath Shinde News: उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कल्याण के खोनी गाँव से समृद्ध पंचायतराज अभियान की शुरुआत की और 2047 तक भारत को महाशक्ति बनाने के रोडमैप की घोषणा की।
Eknath Shinde News
एकनाथ शिंदे (Image- Social Media)
Updated on

Kalyan News: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को महाशक्ति बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनेगा। भारत को महाशक्ति बनाने के लिए गाँव, तालुका, ज़िला और राज्य का विकास आवश्यक है। इसी कड़ी में 2047 तक का रोडमैप हमने तैयार किया है, ऐसा बयान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कल्याण तालुका के खोनी गाँव में आयोजित कार्यक्रम में दिया।

मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायतराज अभियान का ज़िला स्तरीय शुभारंभ खोनी गाँव में उपमुख्यमंत्री शिंदे के हाथों हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 2014 से पहले का भारत और 2014 के बाद का भारत पूरी तरह बदल चुका है। देश ने वैश्विक स्तर पर प्रगति की है और प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को ऊँचा उठाया है। इसीलिए 2047 तक भारत महाशक्ति बनेगा, इसमें कोई संदेह नहीं है।

431 ग्राम पंचायतों को 250 करोड़ रुपये

इस अभियान के तहत राज्य के 1009 गाँव और 431 ग्राम पंचायतों को 250 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। यह अभियान साढ़े तीन महीने तक चलेगा। पहले स्थान पर आने वाली ग्राम पंचायत को 5 करोड़ रुपये का विशेष पुरस्कार मिलेगा। ठाणे ज़िला इस अभियान में अव्वल स्थान पर आए, इसके लिए शिंदे ने सभी प्रतिनिधियों से अच्छा कार्य करने का आह्वान किया। इस मौके पर सांसद श्रीकांत शिंदे, नरेश म्हस्के, विधायक राजेश मोरे, सुलभा गायकवाड़, ज्ञानेश्वर म्हात्रे, नगर विकास आयुक्त विजय सूर्यवंशी तहसीलदार सचिन शेजाळ समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। उपमुख्यमंत्री शिंदे के हाथों लाभार्थियों को धनादेश और लोकोपयोगी सामग्री का वितरण भी किया गया।

विरोधियों पर कटाक्ष

उपमुख्यमंत्री शिंदे ने हँसते हुए विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा, “मैं जब गाँव जाता हूँ तो विरोधी डिप्रेशन में चले जाते हैं। मीडिया वाले भी मुझसे पूछते हैं कि गाँव क्यों जाते हो? तो मैं कहता हूँ कि खेती करने जाता हूँ। गाँव जाने से मुझे ताज़गी मिलती है, लेकिन मेरे विरोधियों को टेंशन हो जाती है।”

लाड़की बहन योजना पर दोहराया भरोसा

शिंदे ने कहा कि मुख्यमंत्री और अब उपमुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने जनता के लिए कई कल्याणकारी योजनाएँ शुरू की हैं, जिनका लाभ महिलाओं, किसानों और युवाओं को मिल रहा है। उन्होंने राज्य की प्रगति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। “लाड़की बहन योजना” को लेकर उपमुख्यमंत्री शिंदे ने स्पष्ट किया कि चाहे जितनी भी आलोचना हो, यह योजना बंद नहीं की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com