Mumbai Pothole Drone Survey: मुंबई की सड़कों पर बने गड्ढों की वास्तविक स्थिति सामने लाने के लिए सामाजिक संगठनों ने ड्रोन के जरिए सड़कों की तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड करने की अनुमति देने की मांग की है। आत्मसम्मान मंच के अध्यक्ष एडवोकेट नित्यानंद शर्मा ने इस संबंध में मनपा आयुक्त को पत्र लिखकर शहर की विभिन्न सड़कों की ड्रोन से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने की अनुमति मांगी है।
नित्यानंद शर्मा ने अपने पत्र में कहा है कि मुंबई की सड़कों की मौजूदा स्थिति का ड्रोन के जरिए दस्तावेजीकरण किया जाना चाहिए। इससे गड्ढों और खराब सड़कों की वास्तविक स्थिति को व्यापक स्तर पर सामने लाने में मदद मिलेगी। उन्होंने इस अभियान के लिए महानगरपालिका प्रशासन से सहयोग की मांग की है।
संगठन ने कहा है कि ड्रोन से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के नियमों का पालन किया जाएगा। इसके साथ ही आवश्यक पुलिस अनुमति हासिल करने की प्रक्रिया में भी महानगरपालिका प्रशासन से सहयोग मांगा गया है।
एडवोकेट शर्मा के मुताबिक, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मुंबई की सड़कों पर मौजूद गड्ढों की वास्तविक स्थिति को नागरिकों के सामने लाना है। ड्रोन से रिकॉर्ड किए गए फोटो और वीडियो के जरिए सड़कों की स्थिति का व्यापक आकलन किया जा सकेगा और संबंधित समस्याओं को उजागर किया जा सकेगा।
संगठन का कहना है कि खराब सड़कें और गड्ढे वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। ऐसे में सड़कों की वास्तविक स्थिति सामने लाकर प्रशासन का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित करना जरूरी है। इस पहल का उद्देश्य सड़क हादसों को रोकना और नागरिकों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना भी है।
सामाजिक संगठन ने मनपा प्रशासन से ड्रोन सर्वे के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि महानगरपालिका प्रशासन इस प्रस्ताव पर क्या निर्णय लेता है और मुंबई शहर की सड़कों की स्थिति के ड्रोन सर्वे को अनुमति मिलती है या नहीं।