दहिसर में मीटर में इलेक्ट्रॉनिक चिप लगाकर यात्रियों से वसूलते थे ज्यादा किराया, 5 चालक गिरफ्तार

Crime News Mumbai: दहिसर पुलिस ने टैक्सी और रिक्शा के मीटर में इलेक्ट्रॉनिक चिप लगाकर यात्रियों से ज्यादा किराया वसूलने वाले 5 चालकों को गिरफ्तार कर वाहनों को जब्त कर लिया है।
Gang charging excess fares by installing electronic chips in taxi and rickshaw meters busted in Dahisar
दहिसर पुलिस टैक्सी ऑटो मीटर छेड़छाड़ गिरोह पर्दाफाश सोर्स:- नवभारत
Published on
Updated on

Dahisar Police Taxi Auto Meter Tampering Racket Busted: दहिसर पूर्व इलाके में टैक्सी और रिक्शा के मीटर में तकनीकी छेड़छाड़ कर यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने के मामले का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस की कार्रवाई में 5 टैक्सी और रिक्शा में इलेक्ट्रॉनिक रेंजिंग सर्किट डिवाइस पाए गए। आरोप है कि इन उपकरणों की मदद से मीटर की रफ्तार बढ़ाकर यात्रियों से अधिक किराया वसूला जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को दहिसर पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक निलेश साळुंखे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ चालक यात्रियों से आर्थिक धोखाधड़ी कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

डमी यात्री भेजकर पुलिस ने बिछाया जाल

3 सितंबर को पुलिस ने एक डमी यात्री को टैक्सी क्रमांक एमएच-01-सीजे-6487 से भेजा। यात्रा पूरी होने के बाद पुलिस ने चालक अमीन रमजान पठाण (39) से पूछताछ की।

इसके बाद परिवहन विभाग के अधिकारियों की मदद से टैक्सी की जांच की गई। जांच में मीटर में अवैध इलेक्ट्रॉनिक चिप मिलने का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, इस उपकरण के जरिए मीटर की गति को सामान्य से अधिक किया जा रहा था, जिससे यात्रा पूरी होने पर वास्तविक दर से ज्यादा किराया सामने आता था।

5 वाहनों में मिली तकनीकी छेड़छाड़

पुलिस की कार्रवाई में कुल 5 वाहनों में इलेक्ट्रॉनिक रेंजिंग सर्किट डिवाइस पाए गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन उपकरणों का इस्तेमाल कब से किया जा रहा था और इनके जरिए कितने यात्रियों से अतिरिक्त किराया वसूला गया।

BNS और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला

दहिसर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 23 और 35 तथा महाराष्ट्र मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने संबंधित वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

Gang charging excess fares by installing electronic chips in taxi and rickshaw meters busted in Dahisar
मुंबई पुलिस का बड़ा एक्शन: ड्रग्स के 1,606 मामले पकड़े, 559 वांटेड गिरफ्तार; 433 करोड़ रुपये के ई-चालान

नामजद आरोपियों में जोगेश अल्ताफ देशमुख (32), अमीन रमजान पठाण (39), रियाज अब्दुलगानी शेख (44), नजीर इब्राहिम पटेल (57) और आनंद कुमार नानाकप्रसाद राय (60) शामिल हैं।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। जांच में मीटर से छेड़छाड़ के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com