

Dadasaheb Phalke Chitranagari Golden Jubilee Year: महाराष्ट्र फिल्म, रंगमंच और सांस्कृतिक विकास निगम के 49वें स्थापना दिवस पर दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी ने अपने गौरवशाली सफर के 50वें स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश कर लिया है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर सांस्कृतिक कार्य मंत्री एड. आशीष शेलार ने चित्रनगरी का दौरा कर दादासाहेब फाल्के की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी के विभिन्न शूटिंग स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं और चल रहे विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी ली।
मंत्री ने कलाकारों और फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर जानकारी हासिल की। इस अवसर पर महाराष्ट्र फिल्म, रंगमंच और सांस्कृतिक विकास निगम के सह-प्रबंध निदेशक प्रशांत साजणीकर समेत निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री आशीष शेलार ने अधिकारियों को दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी की सुविधाओं को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां की व्यवस्थाएं बदलते समय के साथ फिल्म उद्योग की जरूरतों के अनुरूप होनी चाहिए। शूटिंग से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ कलाकारों और तकनीशियनों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
मंत्री ने मनोरंजन क्षेत्र से जुड़े लोगों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। साथ ही, चित्रनगरी की विभिन्न सुविधाएं कलाकारों और निर्माताओं को किफायती दरों पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक फिल्म निर्माण को प्रोत्साहन मिल सके।
चित्रनगरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस करने की प्रतिबद्धता सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने दोहराई। उन्होंने बताया कि दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी के स्वर्ण जयंती वर्ष का औपचारिक शुभारंभ 1 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
मुंबई के गोरेगांव स्थित स्टूडियो नंबर 1 में सुबह 11:30 बजे विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। इस अवसर पर चित्रनगरी की उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और फिल्म उद्योग के लिए प्रस्तावित आधुनिक सुविधाओं पर भी जोर दिया जाएगा।