मध्य रेलवे का बड़ा फैसला: CSMT-कसारा मार्ग पर 12 की जगह 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनें चलेंगी

Mumbai Local Train : मध्य रेलवे सितंबर से सीएसएमटी-कसारा मार्ग की 15-20 लोकल ट्रेनों को 12 से बढ़ाकर 15 डिब्बों का करेगी। इससे हर लोकल में 900 अतिरिक्त यात्री सफर कर सकेंगे।
Central Railway to convert 15-20 local trains on CSMT-Kasara route to 15-cars from September, increasing capacity by up to 900 passengers per train
मध्य रेलवे प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Mumbai CSMT Kasara Local 15 Car Extension: कसारा मार्ग पर रोजाना भीड़भाड़ और जान जोखिम में डालकर सफर करने वाले लाखों यात्रियों को जल्द राहत मिलने वाली है। मध्य रेलवे ने सीएसएमटी-कसारा मार्ग की 15 से 20 उपनगरीय लोकल ट्रेनों को 12 डिब्बों से बढ़ाकर 15 डिब्बों में बदलने की योजना बनाई है। यह विस्तार सितंबर से चरणबद्ध तरीके से शुरू होगा। इससे हर लोकल में 800 से 900 यात्रियों की अतिरिक्त क्षमता में इजाफा होगा। वहीं, रेलवे के इस कदम से कसारा, शाहपुर, आसनगांव और टिटवाला क्षेत्र से मुंबई आने-जाने वाले यात्रियों को अधिक क्षमता और अपेक्षाकृत आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा।

पिछले कुछ वर्षों में टिटवाला, आसनगांव, शाहपुर और कसारा क्षेत्र में तेजी से नई आवासीय बस्तियां विकसित हुई हैं। किफायती आवास के कारण यहां रहने वालों की संख्या बढ़ी है और मुंबई आने-जाने वाले यात्रियों का दबाव भी लगातार बढ़ा है, लेकिन लोकल ट्रेनों की क्षमता में अपेक्षित वृद्धि नहीं होने से भीड़ गंभीर समस्या बन गई थी।

इसी कारण लंबे समय से 15 डिब्बों वाली लोकल की मांग की जा रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए और मुख्य मार्ग पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने सोमवार से सीएसएमटी-अंबरनाथ, कल्याण, बदलापुर और कर्जत मार्ग की 10 लोकल सेवाओं को 15 डिब्बों में परिवर्तित किया है।

इस तरह संचालित हो रही लोकल सेवाएं

यात्रियों से मिले सकारात्मक प्रतिसाद के बाद अब यहीं सुविधा कसारा मार्ग तक बढ़ाई जा रही है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार चयनित 12 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों को 15 डिब्बों में बदलने के लिए तकनीकी और परिचालन तैयारियां अंतिम चरण में हैं, संशोधित समय सारिणी जल्द जारी की जाएगी।

रेलवे के अनुसार 15 डिब्बों वाली प्रत्येक लोकल में करीब 800 से 900 अतिरिक्त यात्री सफर कर सकेंगे, जिससे पीक आवर्स की भीड़ कम होगी। वर्तमान में सीएसएमटी-कसारा मार्ग पर प्रतिदिन 152, सीएसएमटी-कल्याण पर 299 और सीएसएमटी-ठाणे के बीच 201 लोकल सेवाएं संचालित होती है।

2012 में शुरू हुई थी 15 डिब्बों की लोकल

मध्य रेलवे ने पहली बार 16 अक्टूबर 2012 को 15 डिब्बों वाली 16 लोकल सेवाएं शुरू की थीं। 4 मार्च 2019 को यह संख्या बढ़कर 22 हुई और 20 जुलाई 2026 से 32 सेवाएं संचालित हो रही हैं। सितंबर में कसारा मार्ग पर 15 से 20 और सेवाओं के विस्तार के बाद बड़ी - संख्या में उपनगरीय यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। इससे यात्रियों का सफर और सुरक्षित होगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com