मुंबई में नकली दूध रैकेट का भंडाफोड़: अमूल-गोकुल के पैकेटों में पानी मिलाकर बेचता था आरोपी गिरफ्तार
Mumbai Crime Branch: मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-12 ने दहिसर में अमूल और गोकुल ब्रांड के दूध में मिलावट करने वाले रैकेट का भंडाफोड़ किया। आरोपी लिंगय्या घंटा को गिरफ्तार किया गया।
- Written By: रूपम सिंह
दूध मिलावट, आरोपी गिरफ्तार (सोर्सः फाइल फोटो-सोशल मीडिया)
Mumbai Dahisar Milk Adulteration: मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-12 ने दहिसर पूर्व इलाके में मिलावटी दूध के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को अमूल और गोकुल जैसे नामी ब्रांडों के दूध के पैकेटों में मिलावट करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ब्रांडेड दूध के पैकेटों में दूषित पानी मिलाकर उन्हें दोबारा सील कर बाजार में असली बताकर बेच रहा था।
गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी
क्राइम ब्रांच की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दहिसर पूर्व स्थित राजेश कंपाउंड की दुबे चॉल में छापा मारा। छापेमारी के दौरान आरोपी लिंगय्या घंटा (42) को मौके पर ही दूध के पैकेटों में मिलावट करते हुए पकड़ा गया।
ऐसे करता था मिलावट का खेल
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अमूल गोल्ड, अमूल ताजा और गोकुल जैसे ब्रांडेड दूध के पैकेटों को कैंची से सावधानीपूर्वक काटता था। इसके बाद उनमें दूषित पानी मिलाकर मोमबत्ती और स्टोव पिन की मदद से पैकेटों को दोबारा सील कर देता था। बाद में इन पैकेटों को असली बताकर बाजार में बेचा जाता था।
सम्बंधित ख़बरें
महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में 150 करोड़ से बनेगी इलेक्ट्रिक बोट फैक्ट्री, बदल जाएगी मुंबई वॉटर मेट्रो की सूरत
खेल परियोजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं; नागपुर खेल समिति की सभापति ने दिए समय पर काम पूरा करने के निर्देश
आधी रात गड़चिरोली के चातगांव अस्पताल पहुंचे जिप CEO और कलेक्टर, स्वास्थ्य कर्मियों के उड़े होश
अमरावती में जीरो फैटालिटी डिस्ट्रिक्ट अभियान, सड़क हादसों में मौतें रोकने के लिए पुलिस को विशेष प्रशिक्षण
यह भी पढ़ें:- Maharashtra Heavy Rain: महाराष्ट्र में भारी बारिश से 64 लोगों की जान गई, गिरीश महाजन ने मुआवजे का किया ऐलान
लोगों की सेहत से हो रहा था खिलवाड़
पुलिस के अनुसार मिलावटी दूध की बिक्री से आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता था। ब्रांडेड पैकेट होने के कारण उपभोक्ताओं को मिलावट का आसानी से पता नहीं चल पाता था, जिससे यह अवैध कारोबार लंबे समय तक चलने की आशंका थी।
पुलिस कर रही है आगे की जांच
मुंबई क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मिलावटखोरी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, कितने समय से यह कारोबार चल रहा था तथा मिलावटी दूध की आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
