ड्रग ओवरडोज से छात्रों की मौत पर कांग्रेस भड़की: सपकाल ने महायुति सरकार को ‘बेशर्म’ बताया, पुलिस पर सवाल
कांग्रेस ने मादक पदार्थों के ओवरडोज से हुई मौतों पर महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की। सपकाल ने सरकार की कार्यप्रणाली को अयोग्य बताया।
Maharashtra Government, Drug Overdose News: कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मादक पदार्थ के ओवरडोज के कारण दो छात्रों की मौत के मामले में मंगलवार को भाजपा नीत महायुति सरकार की आलोचना की।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की अयोग्य और बेशर्म कार्यप्रणाली ने राज्य के युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल दिया है। पुलिस के अनुसार, शहर के एक प्रबंधन संस्थान के दो छात्रों की रविवार को गोरेगांव में एक संगीत कार्यक्रम में शामिल होने के बाद संदिग्ध ड्रग ओवरडोज से मौत हो गई। पीड़ित छात्र 15 छात्रों के एक समूह का हिस्सा थे, जिन्होंने कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने से पहले एक्स्टसी का सेवन किया था और कार्यक्रम के दौरान शराब भी पी थी।
सपकाल ने सवाल उठाया कि पुलिस और कानून लागू करने वाली एजेंसियां हजारों लोगों के ऐसे जमावड़े का पता लगाने में कैसे विफल रहीं, जहां खुलेआम नशीले पदार्थों और शराब का सेवन किया जा रहा था। मुंबई पुलिस की नाक के नीचे खुलेआम इस तरह का आयोजन होना गृह विभाग और संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र की घोर विफलता को दर्शाता है।
सम्बंधित ख़बरें
Political Crisis: ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी, मुंबई कांग्रेस करेगी 1 से 2 जून को बड़ा आंदोलन
उड़ता महाराष्ट्र नहीं! 25 जून से शुरू होगा ‘नशामुक्त महाराष्ट्र अभियान’, सरकार का एक्शन प्लान तैयार
मुंबई-पुणे डेक्कन एक्सप्रेस बीच रास्ते में रुकी, यात्रियों को 2 घंटे तक करना पड़ा इंतजार
7 साल बाद भी अधूरा मृणालताई गोरे फ्लाईओवर, उपमहापौर ने दिए काम तेज करने के निर्देश
सपकाल ने कहा कि महायुति सरकार की अयोग्य और बेशर्म कार्यप्रणाली ने राज्य के युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल दिया है। उन्होंने नाशिक, छत्रपति संभाजीनगर और सोलापुर के पिछले मामलों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोगों के आशीर्वाद से महाराष्ट्र भर में मादक पदार्थों का व्यापार फलफूल रहा है।
उन्होंने नशीले पदार्थों से संबंधित कई मामलों को कथित राजनीतिक संरक्षण से भी जोड़ा, और दावा किया कि जांच को कमजोर किया गया और आरोपी व्यक्तियों को क्लीन चिट दे दी गई। सपकाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार स्थिति को नियंत्रित करने में विफल रही है। फडणवीस के पास गृह विभाग का भी कार्यभार है।
