

Mumbai News: कांग्रेस ने मुंबई पुलिस पर पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल की जासूसी करने का शुक्रवार को आरोप लगाया। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता अतुल लोंढे ने बताया कि गावदेवी पुलिस थाने के कर्मियों ने सर्वोदय आश्रम स्थित सपकाल के कमरे में जाकर धावा बोल दिया, जहां सपकाल मुंबई में प्रवास के दौरान ठहरते हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने उनसे आश्रम परिसर में मीडिया की मौजूदगी और जारी गतिविधियों के बारे में पूछताछ की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी शायद सपकाल को पहचान नहीं पाए।
लोंढे ने पूछा, ‘‘क्या यह जासूसी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस या (मुंबई पुलिस आयुक्त) देवेन भारती के आदेश पर की जा रही है?'' राजस्व मंत्री एवं भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जासूसी तो कांग्रेस और महा विकास आघाडी के शासनकाल में हुई थी।
बावनकुले ने कहा, ‘‘हमारा एकमात्र एजेंडा राज्य और उसके लोगों का विकास है... हमारे पास किसी की जासूसी करने का समय नहीं है।'' -एजेंसी इनपुट के साथ