मध्य रेल को माल ढुलाई से 708.14 करोड़ की कमाई, एक माह में 6.72 मिलियन टन की लोडिंग

Central Railway: मध्य रेल ने अप्रैल 2026 में 6.72 मिलियन टन माल ढुलाई कर 708.14 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। नागपुर मंडल का योगदान सबसे अधिक रहा।
Central Railway Earns ₹708.14 Crore from Freight Operations; 6.72 Million Tonnes Loaded in One Month
माल ढुलाई करती ट्रेन (सोर्स: फइल फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Central Railway Freight Loading Revenue: अप्रैल 2026 के दौरान मध्य रेल ने 2582 रेकों में 6.72 मिलियन टन (मिलियन टन) माल की रिकॉर्ड ढुलाई की। अप्रैल 2025 में 2490 रेकों में 6.57 मिलियन टन माल की ढुलाई के मुकाबले यह 2% से अधिक की वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष की तुलना में अप्रैल 2026 में 92 रेकों की वृद्धि भी हुई है। इससे मध्य रेल को 708.14 करोड़ की आय भी हुई है।

नागपुर मंडल अव्वल

कुल 6.72 मिलियन टन की ढुलाई में से नागपुर मंडल का योगदान 3.97 मिलियन टन (59%) रहा, जबकि मुंबई मंडल का योगदान 1.59 मिलियन टन (लगभग 24%) रहा। अन्य मंडलों के योगदान में सोलापुर मंडल द्वारा 0.59 मिलियन टन, भुसावल मंडल द्वारा 0.43 मिलियन टन और पुणे मंडल द्वारा 0.14 मिलियन टन की माल ढुलाई शामिल है। मध्य रेल के सीपीआरओ डॉ स्वप्निल निला के अनुसार अप्रैल-2026 में माल ढुलाई से अर्जित कुल राजस्व 708.14 करोड़ रुपये रहा, जबकि अप्रैल-2025 में यह 680.05 करोड़ रुपये था। इस साल 4% से अधिक की वृद्धि हुई है। आय के लिहाज से भी सबसे बड़ा योगदान नागपुर मंडल का रहा, जिसका राजस्व 432.16 करोड़ रुपये (61%) है, इसके बाद मुंबई मंडल का राजस्व 150.40 करोड़ रुपये (21%) रहा। भुसावल मंडल द्वारा 55.71 करोड़ रुपये, सोलापुर मंडल द्वारा 41.27 करोड़ रुपये और पुणे मंडल द्वारा 28.60 करोड़ रुपये रहा।

कार्गों में नई पहल

मध्य रेल ने अपने माल ढुलाई कार्यों को उत्साह के साथ आगे बढ़ाते हुए हाल ही में नव-अधिसूचित इगतपुरी माल गोदाम से पहली बार वाहनों की लोडिंग सफलतापूर्वक शुरू की है। इस सेवा के लिए पहला ऑर्डर मेसर्स ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (टीसीओआई) द्वारा दिया गया था, जो इस क्षेत्र में लॉजिस्टिक्स दक्षता का एक नया अध्याय है।

नासिक स्थित महिंद्रा एंड महिंद्रा संयंत्र से कुल 100 कारों को 25 एनएमजी (न्यू मॉडिफाइड गुड्स) वैगनों में लोड किया गया, जिन्हें विशेष रूप से वाहनों के सुरक्षित और कुशल परिवहन के लिए डिज़ाइन किया गया है। उत्तर पूर्वी रेलवे के नौतनवा गुड्स टर्मिनल के लिए जाने वाले इन रेकों से प्रति रेक लगभग 17.16 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है। इगतपुरी माल गोदाम से मध्य रेल नासिक औद्योगिक क्षेत्र के निर्माताओं के लिए एक अधिक सुलभ और सुव्यवस्थित लोडिंग प्वाइंट उपलब्ध हुआ है। मध्य रेल ने माल परिवहन को सुगम बनाने के लिए कोयला, पेट्रोलियम उत्पाद, लोहा और इस्पात, लौह अयस्क आदि का परिवहन कर उद्योगों, बिजली संयंत्रों आदि को निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com