रेलवे टिकटों का बड़ा खेल, विदेशी पर्यटक कोटे पर यात्रा कर रहे देशी यात्री, मध्य रेल ने शुरू की सख्त जांच

Train ticket scam: मध्य रेल ने ट्रेनों में विदेशी पर्यटक कोटा के दुरुपयोग के खिलाफ अभियान चलाकर 121 यात्रियों को पकड़ा। टिकट दलालों और रेलवे अधिकारियों की सांठगांठ के संदेह में जांच जारी है।
Major Railway Ticket Racket: Domestic Passengers Traveling Under Foreign Tourist Quota; Central Railway Launches Strict Investigation
विदेशी पर्यटक कोटा घोटाला (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Foreign Tourist Quota Scam: गर्मी की छुट्टियों एवं अन्य पीक सीजन में ट्रेनों का कंफर्म टिकट पाना मुश्किल हो गया है। यात्रियों की भारी भीड़ का फायदा उठाकर टिकट दलाल (एजेंट) बड़े पैमाने पर तत्काल टिकटों की अवैध बुकिंग और कोटे के भी दुरुपयोग कर रहे हैं।

फर्जी दस्तावेज पर बुकिंग

विदेशी पर्यटक कोटे के नाम पर अवैध दस्तावेज बना कर भारतीय यात्रियों की यात्रा टिकट बुकिंग किए जाने का मामला प्रकाश में आने के बाद रेलवे में खलबली मच गई है। बताया गया कि वैध दस्तावेजों के बिना ही कई देशी यात्री विदेशी पर्यटक कोटा के तहत बुक किए गए टिकट पर यात्रा कर रहे थे। इन अनियमितताओं का पता चलने के बाद मध्य रेल ने विदेशी पर्यटक (एफटी) कोटा के दुरुपयोग के खिलाफ अभियान शुरू किया है।

वसूला 3.56 लाख रुपये जुर्माना

मध्य रेल पर विदेशी पर्यटक कोटा पर यात्रा के 39 मामले पकड़े गए और जुर्माने के तौर पर उनसे 3.56 लाख रुपये वसूले गए। पहला मामला 4 फरवरी को ट्रेन संख्या 12296 संगमित्रा एक्सप्रेस में सामने आया, जहां कुछ भारतीय यात्री विदेशी पर्यटकों के लिए अनिवार्य दस्तावेजों के बिना एफटी कोटा टिकटों पर यात्रा कर रहे थे। उसके बाद एफटी कोटा के तहत आने वाली तारीखों की बुकिंग की जांच में पता चला कि 24 अप्रैल से 11 जून की अवधि के लिए 31 ट्रेनों में मध्य रेल के 174 मूल पीएनआर (PNR) एफटी कोटा के तहत जारी किए गए थे।

एफटी कोटा टिकटों की प्रामाणिकता सत्यापित करने के लिए मध्य रेल के टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा विशेष जांच की गई। इन अभियानों के दौरान, एफटी कोटे के दुरुपयोग से बुक किए गए 39 PNR पाए गए। कुल 121 यात्रियों को अनियमित रूप से यात्रा करते हुए पकड़ा गया। उन पर मौजूदा नियमों के अनुसार जुर्माना लगा कर 3,56,916 रुपये वसूले गए। यात्रियों को बर्थ पर बैठने की अनुमति नहीं दी गई, जिन्हें बाद में RAC/प्रतीक्षा सूची में शामिल यात्रियों को आवंटित कर दिया गया।

एजेंट की संलिप्तता से कोटा सिस्टम संदेह के घेरे में

इन बुकिंग में किसी अधिकृत बुकिंग एजेंट की संलिप्तता का पता लगाने के लिए IRCTC से अतिरिक्त जानकारी मांगी गई है। एफटी कोटे के तहत अनधिकृत बुकिंग में शामिल व्यक्तियों और संस्थाओं की पहचान के लिए जांच जारी है। मध्य रेल ने स्पष्ट किया कि अयोग्य कोटे के तहत टिकट बुक करना रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है।

यात्रियों को उस कोटे के लिए आवश्यक वैध पहचान पत्र और सहायक दस्तावेज साथ रखने होंगे जिसके तहत टिकट बुक किया गया है। उल्लेखनीय है कि रेलवे में विदेशी पर्यटक कोटा के अलावा अन्य कई प्रकार का कोटा सिस्टम हैं। सीजन में उन कोटा के दुरुपयोग की शिकायत की जाती रही है। बताया जाता है कि कुछ एजेंटों की पहुंच और सांठगांठ रेलवे के उन संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों से है,जिनके माध्यम से अलग अलग कोटे के दुरुपयोग कर किया जा रहा है। रेलवे के सतर्कता विभाग की नजर भी रेलवे के वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर है,जो टिकट दलालों की मदद से कोटा सिस्टम का दुरुपयोग करते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com