चालकों को करनी होगी जेब ढीली, ठाणे-नवी मुंबई प्रस्तावित एलिवेटेड सड़क पर लगेगा 365 रुपये टोल

Mumbai News: ठाणे से नवी मुंबई एयरपोर्ट तक 25 किमी एलिवेटेड रोड बनेगा। सफर तेज और आरामदायक होगा, लेकिन कार यात्रियों को 365 रुपये टोल चुकाना होगा। 2031 से टोल वसूली शुरू होगी।
ठाणे-नवी मुंबई प्रस्तावित एलिवेटेड सड़क (pic credit; social media)
ठाणे-नवी मुंबई प्रस्तावित एलिवेटेड सड़क (pic credit; social media)
Published on: 
Updated on: 

Thane-Navi Mumbai elevated road: नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए 25 किलोमीटर लंबा 6 लेन का एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। लगभग 6,363 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस सड़क का फायदा तो मिलेगा, लेकिन इसके लिए यात्रियों को टोल के रूप में मोटी रकम चुकानी होगी।

कार से एयरपोर्ट तक जाने वाले यात्रियों को एकतरफा सफर के लिए 365 रुपये टोल देना पड़ेगा। वहीं, हल्के वाणिज्यिक वाहनों को 590 रुपये और ट्रक व बसों को 1235 रुपये टोल देना होगा। यह टोल 2031 से वसूला जाएगा और हर साल इसकी दरें बढ़ेंगी।

नवी मुंबई एयरपोर्ट का काम लगभग पूरा हो चुका है और अगले एक महीने में इसके शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद पहले साल लगभग 20 लाख यात्री इस एयरपोर्ट से सफर करेंगे, जबकि 2038 तक यह संख्या 90 लाख सालाना यात्रियों तक पहुँच जाएगी। ठाणे, डोंबिवली, कल्याण-अंबरनाथ-बदलापुर, भिवंडी और भाईंदर के यात्रियों को इस एलिवेटेड रोड से सीधा फायदा होगा।

इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का डिजाइन अर्बन मास ट्रांजिट कंपनी ने तैयार किया है। सड़क का निर्माण सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल पर किया जाएगा। शुरुआत में ठाणे और नवी मुंबई महानगरपालिका से लागत का कुछ हिस्सा वहन करने की उम्मीद थी, लेकिन इंकार के बाद अब खर्च का 60% सिडको, 20% राज्य सरकार और 20% केंद्र सरकार वहन करेगी।

कुल 40 हेक्टेयर भूमि का उपयोग इस प्रोजेक्ट में होगा और बची हुई जमीन का व्यावसायिक उपयोग किया जाएगा। इसे निर्माण–संचालन–हस्तांतरण (BOT) मॉडल पर विकसित किया जाएगा यानी निर्माण की लागत टोल वसूली से पूरी की जाएगी। यात्रियों को बिना जाम के हवाई अड्डे तक तेज़ और आरामदायक सफर तो मिलेगा, लेकिन सवाल यह है कि क्या 365 रुपये का टोल आम लोगों की जेब पर भारी पड़ेगा?

Navbharat Live
navbharatlive.com