

बांद्रा-धारावी के बीच 204 करोड़ रुपये से बनेगा नया पुल।
दूसरे चरण में जल्द शुरू होगी गर्डर लॉन्चिंग।
10 लेन का पुल बनने से BKC और दक्षिण मुंबई का सफर होगा आसान।
Mumbai Mithi River Bridge Construction: मीठी नदी के प्रवाह को सुचारू बनाने और मुंबई के पश्चिमी उपनगरों को दक्षिण मुंबई से जोड़ने वाली कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए बांद्रा और धारावी के बीच नए पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) इस परियोजना के दूसरे चरण के अंतर्गत जल्द ही गर्डर लॉन्चिंग का काम शुरू करने जा रही है।
इसके लिए गर्डर निर्माण स्थल पर पहुंच चुके हैं और उन्हें जोड़ने का काम चल रहा है। करीब 204 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के पूरा होने से बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी), धारावी और माहिम कॉजवे की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को यातायात जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मीठी नदी के जलग्रहण क्षेत्र के विस्तार और नदी के जल प्रवाह को बेहतर बनाने की योजना के तहत बीएमसी ने लगभग 50 साल पुराने मौजूदा पुल को हटाकर उसकी जगह अधिक चौड़ा पुल बनाने का निर्णय लिया है।
इस परियोजना को वर्ष 2019 में अंतिम मंजूरी मिली थी, जिसके बाद बीएमसी ने चरणबद्ध तरीके से निर्माण कार्य शुरू किया। इस परियोजना का प्रमुख उद्देश्य मौजूदा पुल की क्षमता बढ़ाकर उसे कुल 10 लेन का बनाना है, जिससे बढ़ते यातायात का दबाव आसानी से संभाला जा सके।
परियोजना को तीन चरणों में चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। पहले चरण में मुंबई बीएमसी ने मौजूदा पुल के पश्चिमी हिस्से से सटाकर एक नया पुल बनाया है। दूसरे चरण में पुराने पुल के पूर्वी हिस्से में एक अन्य नया पुल बन रहा है। इसके तहत गर्डर लॉन्चिंग की तैयारियां चल रही है।
तीसरे और अंतिम चरण में यातायात को दोनों नए पुलों पर स्थानांतरित किया जाएगा। इसके बाद करीब पांच दशक पुराने मौजूदा पुल को तोड़कर उसकी जगह नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। इस तरह दोनों नए पुलों के तैयार होने के बाद ही पुराने पुल को हटाने का काम किया जाएगा, ताकि निर्माण अवधि के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था पर कम से कम असर पड़े।
यह नया पुल बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स के जियो वर्ल्ड ड्राइव रोड जंक्शन के पास पश्चिमी एक्सप्रेस हाईवे से शुरू होकर मीठी नदी के दक्षिण में लगभग 110 मीटर की दूरी पर धारावी की ओर जुड़ेगा। बीकेसी, धारावी और माहिम कॉजवे के बीच यातायात का दबाव काफी कम हो जाएगा। बीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, गर्डर साइट पर पहुंच गए हैं और उनकी असेंबलिंग की जा रही है।
चितले समिति की सिफारिशों के अनुरूप मीठी नदी को चौड़ा करने की योजना के तहत इस परियोजना की परिकल्पना की गई है। पहले चरण का कार्य पूरा हो चुका है और दूसरे चरण का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
वरिष्ठ अधिकारी, बीएमसी