

Mumbai BMC Solid Waste Management Cleanliness Action: मुंबई को स्वच्छ रखने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी पर रोक लगाने के लिए बीएमसी ने सख्ती बढ़ा दी है। 1 अप्रैल से लागू किए गए संशोधित दंड नियमों के तहत पिछले पांच महीनों में शहर में सफाई से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले 5,256 मामलों में कार्रवाई की गई। इन कार्रवाइयों के जरिए बीएमसी ने कुल 90.22 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है।
सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकना, थूकना, खुले में पेशाब या शौच करना, घर अथवा परिसर के आसपास गंदगी रखना, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग नहीं करना तथा निर्माण कार्य से निकले मलबे को अनधिकृत जगह पर डालने जैसे मामलों को इसमें शामिल किया गया है।
पांच महीने की अवधि में अगस्त माह में सफाई नियमों के उल्लंघन के सबसे अधिक मामलों में कार्रवाई की गई। इस महीने कुल 1,250 मामलों में कार्रवाई करते हुए 20.19 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इनमें सबसे अधिक 492 मामले घर या परिसर के आसपास उचित सफाई नहीं रखने से जुड़े थे।
इनमें 251 मामले मकान मालिकों या निवासियों के खिलाफ, जबकि 241 मामले अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज किए गए। इन मामलों में कुल 8.14 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। सड़क, फुटपाथ, उद्यान और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने के 328 मामले भी सामने आए। बीएमसी ने इन मामलों में 1.74 लाख रुपये का दंड वसूला। इसके अलावा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग नहीं देने के 122 मामलों में 52,900 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
मुंबई बीएमसी ने निर्माण एवं तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे यानी सी & डी वेस्ट के अवैध निपटारे को लेकर भी कार्रवाई तेज की है। अप्रैल से अगस्त के बीच ऐसे 419 मामलों में कुल 31.64 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इनमें 349 मामले निर्धारित स्थान के बजाय अन्य जगह पर निर्माण मलबा डंप करने के थे।
इन मामलों में 20.75 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, निर्धारित मंजूर योजना के बिना निर्माण मलबा ले जाने के 70 मामले सामने आए। इन पर बीएमसी ने 10.88 लाख रुपये का दंड लगाया। केवल अगस्त महीने में ही सीडी वेस्ट से जुड़े 65 मामलों में कार्रवाई की गई और 8.53 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, फुटपाथों और उद्यानों में कचरा फेंकने तथा थूकने के मामलों में भी बीएमसी ने कार्रवाई की। पांच महीने के दौरान इन श्रेणियों में कुल 11.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, सड़क पर थूकने के मामलों से 38,450 रुपये का दंड वसूला
गया। गौरतलब है कि करीब 20 साल बाद बीएमसी के घनकचरा विभाग ने 1 अप्रैल से सफाई नियमों के उल्लंघन पर जुर्माने की राशि में बढ़ोतरी की है। नए नियमों के तहत सार्वजनिक जगह पर कचरा फेंकने की पेनल्टी 200 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दी गई है। इसी तरह सड़क पर थूकने पर लगने वाला जुर्माना 200 रुपये से बढ़ाकर 250 रुपये किया गया है।
निर्माण कार्य का मलबा अवैध तरीके से डंप करने पर 20,000 रुपये का जुर्माना तय किया गया है। इसके अलावा बिना मंजूरी निर्माण मलबे का परिवहन करने पर 25,000 रुपये का दंड निर्धारित किया गया है। बीएमसी का कहना है कि नए नियमों को लागू करने से पहले नागरिकों को इसके बारे में जागरूक किया गया और इसके बाद नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।
घनकचरा विभाग के उपायुक्त किरण दिघावकर ने कहा कि मुंबई को स्वच्छ रखना हमारा मुख्य उद्देश्य है और इसी मकसद से सफाई नियमों में बदलाव कर दंड की राशि बढ़ाई गई है। शुरुआत में नागरिकों को नए नियमों और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई शुरू की गई। हम नागरिकों से अपील करते हैं कि वे घर पर ही गीले और सूखे कचरे को अलग करें, अपने आसपास सफाई बनाए रखें और कचरा केवल अधिकृत व्यवस्था के माध्यम से ही दें। मुंबई को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।