

Mumbai FDA Action Food Safety Violations License Suspended: खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने वाले चार प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने कड़ी कार्रवाई की है। रॉयल पाम्स स्थित ईंट क्लब ब्रांड और जरीमरी स्थित राणी क्रिएटर्स कन्सल्टंट एंड सर्विस प्रोवाइडर्स के खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं। वहीं, गुडलक बेकरी एंड स्टोर्स और अशफाक बेकरी में भी नियमों के उल्लंघन से जुड़ी गड़बड़ियां मिलने के बाद इनके लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
FDA की जांच में ईंट क्लब में खाद्य पदार्थों और पैकेजिंग सामग्री के अनुचित भंडारण की स्थिति सामने आई। प्रतिष्ठान में खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित नहीं किया गया था। हाथ धोने और स्वच्छता के लिए पर्याप्त सुविधाएं भी नहीं मिलीं।
जांच के दौरान प्रकाश और वेंटिलेशन की व्यवस्था में कमी, कीट नियंत्रण में खामियां तथा कच्चे माल की जांच और सफाई की उचित व्यवस्था का अभाव पाया गया। कर्मचारियों के लिए एप्रन, दस्ताने, हेडगियर और शू कवर जैसी जरूरी सुरक्षा सामग्री भी उपलब्ध नहीं थी।
FDA के मुताबिक, कुछ चिकित्सा प्रमाणपत्र संदिग्ध पाए गए। इसके अलावा शिकायत निवारण और कर्मचारियों के प्रशिक्षण से संबंधित रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे। प्रतिष्ठान में बिना आवश्यक अनुमति के आइसक्रीम और कार्बोनेटेड पेय की बिक्री भी सामने आई। इन खामियों के आधार पर खाद्य लाइसेंस निलंबित किया गया।
जरीमरी स्थित राणी क्रिएटर्स की जांच में भी गंभीर स्वच्छता संबंधी कमियां मिलीं। यहां चूहे और कीटों का प्रकोप, गंदगी, जमा पानी और अनुचित कचरा निपटान की स्थिति सामने आई। खुले में कच्चे मांस का भंडारण और खाद्य पदार्थों पर उचित लेबल का अभाव भी पाया गया।
जांच में FIFO-FOFO व्यवस्था का पालन नहीं होने, तापमान नियंत्रण की कमी, खराब तेल, अस्वच्छ कच्चे माल और खुले में रखे तैयार खाद्य पदार्थों की जानकारी सामने आई। कीटरोधी जालियां भी पर्याप्त नहीं थीं और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता संतोषजनक नहीं पाई गई।
FDA की जांच में कुकिंग, रीहीटिंग, कूलिंग और खाद्य तेल की जांच से जुड़े रिकॉर्ड अधूरे मिले। सफाई, कचरा निपटान, ऑडिट और सुधारात्मक कार्रवाई से संबंधित दस्तावेज भी पूर्ण नहीं थे।
FDA ने खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर प्रतिष्ठानों को सख्त संदेश दिया है। विभाग के अनुसार, उपभोक्ताओं को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के लिए नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।