

बीएमसी ने शिकायतों के लिए AI चैटबॉट ‘हेलो ए वॉर्ड’ शुरू किया।
कुलाबा, कफ परेड और फोर्ट में मिलेगी सुविधा।
व्हाट्सऐप से सड़क, पानी, कचरा और स्ट्रीट लाइट की शिकायत कर सकेंगे।
शिकायत नंबर, अधिकारी की जानकारी और समाधान के अपडेट मिलेंगे।
शिकायत दर्ज करने के लिए ऐप डाउनलोड या बीएमसी कार्यालय जाने की जरूरत नहीं।
Mumbai BMC AI Chatbot Hello A Ward Ashwini Bhide: मुंबई में सड़क के गड्ढों, पानी की किल्लत, कचरा नहीं उठने या स्ट्रीट लाइट बंद होने जैसी समस्याओं की शिकायत दर्ज कराना अब आसान होगा।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने नागरिकों की सुविधा के लिए ‘हेलो ए वॉर्ड’ नाम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित चैटबॉट शुरू किया है। इस सुविधा के जरिए नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने के लिए अलग मोबाइल ऐप डाउनलोड करने या बीएमसी कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी।
बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने शुक्रवार को इस डिजिटल सेवा का उद्घाटन किया। भाजपा नगरसेवक मकरंद नार्वेकर की पहल पर शुरू की गई यह सुविधा फिलहाल कुलाबा, कफ परेड और फोर्ट के नागरिकों के लिए उपलब्ध होगी। इसके माध्यम से लोग सीधे WhatsApp पर अपनी समस्याओं की जानकारी महानगरपालिका तक पहुंचा सकेंगे।
इस पहल का उद्देश्य नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को आसान बनाना तथा शिकायतों की स्थिति के बारे में लोगों को जानकारी उपलब्ध कराना है।
‘हेलो ए वॉर्ड’ के जरिए नागरिक कचरा नहीं उठने, जलापूर्ति में परेशानी, सड़कों की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट बंद होने जैसी समस्याओं की शिकायत कर सकेंगे। शिकायत दर्ज कराने के लिए उन्हें WhatsApp पर समस्या का विवरण भेजना होगा। जरूरत पड़ने पर संबंधित स्थान की तस्वीर भी साझा की जा सकेगी।
हालांकि, निजी आवासीय इमारतों के भीतर होने वाले आपसी विवादों को इस सेवा के दायरे से बाहर रखा गया है।
चैटबॉट उपलब्ध जानकारी के आधार पर शिकायत तैयार करेगा। इसके बाद शिकायतकर्ता को एक विशिष्ट शिकायत क्रमांक दिया जाएगा। साथ ही, मामले से संबंधित मुंबई बीएमसी अधिकारी का नाम भी बताया जाएगा, जिससे शिकायत पर आगे की कार्रवाई की जानकारी मिल सके।
इस सेवा की खासियत यह है कि नागरिक शिकायत दर्ज कराने के बाद भी उसकी प्रगति पर नजर रख सकेंगे। शिकायत संबंधित विभाग को भेजे जाने, काम शुरू होने और समस्या का समाधान होने पर WhatsApp के जरिए अपडेट मिलेगा।
इसके अलावा, काम शुरू होने से पहले और पूरा होने के बाद की तस्वीरें भी साझा की जाएंगी। इससे नागरिकों को शिकायत के निपटारे की प्रक्रिया समझने और कार्रवाई की स्थिति जानने में मदद मिलेगी।
शुरुआती चरण में यह सेवा कुलाबा, कफ परेड और फोर्ट तक सीमित रहेगी। आगे इस तरह की डिजिटल सुविधा का विस्तार होने पर मुंबई शहर के अन्य इलाकों के नागरिकों को भी इसका लाभ मिल सकता है।