मुंबई के 79 पार्षदों की कुर्सी खतरे में? चुनाव को अदालत में चुनौती, RTI के इस बड़े खुलासे से मचा हड़कंप

BMC Election 2026: मुंबई महानगरपालिका चुनाव 2026 पर बड़ा विवाद! आरटीआई से खुलासा हुआ है कि 79 पार्षदों के निर्वाचन को अदालत में चुनौती दी गई है, जिससे राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है।
Mumbai BMC Marathi Signboard Drive Action
मुंबई महानगरपालिका (सोर्स: फाइल फोटो)
Published on
Updated on

BMC 79 Corporators Election Challenged: मुंबई महानगरपालिका ( BMC) चुनाव 2026 को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है। शहर के कुल 79 पार्षदों की सदस्यता पर खतरा मंडरा रहा है। इनके निर्वाचन को अदालत में चुनौती दी गई है। इन मामलों में कई चुनाव याचिकाएं अभी न्यायालय में लंबित हैं, जबकि कुछ मामलों पर सुनवाई भी शुरू हो चुकी है। ऐसे में अब मुंबई महानगरपालिका की चुनाव प्रक्रिया पर ही सवाल उठने लगे हैं।

RTI से हुए कई खुलासे

यह सनसनीखेज जानकारी आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली को सूचना के अधिकार कानून के तहत मुंबई महानगरपालिका के विधि विभाग ने उपलब्ध कराई है। गलगली ने चुनाव के बाद विभिन्न वार्डों में दाखिल चुनाव याचिकाओं की जानकारी मांगी थी, जिसके जवाब में पालिका प्रशासन ने आधिकारिक आंकड़े जारी किए। वार्ड 119 ‘एस’ में मोहम्मद अनवर अब्दुल्ला शेख द्वारा शिवसेना पार्षद राजेश सोनावले और अन्य उम्मीदवारों के खिलाफ दायर चुनाव याचिका को लघु न्यायालय ने खारिज कर दिया है। हालांकि, अन्य कई मामलों में अब भी सुनवाई जारी है।

क्या है आरोप ?

अदालत में चुनौती दिए गए पार्षदों में अलग-अलग राजनीतिक दलों और विभिन्न वार्डों के निर्वाचित सदस्य शामिल हैं। इनमें ‘एच/पूर्व’, ‘के/पूर्व’, ‘एस’, ‘एम/पूर्व’, ‘एफ/उत्तर’, ‘आर/उत्तर’, ‘पी/दक्षिण’ और ‘जी/उत्तर’ जैसे महत्वपूर्ण वार्डों के पार्षद भी शामिल बताए जा रहे हैं। इन याचिकाओं में चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितता, मतगणना पर आपत्ति, नामांकन पत्रों को लेकर विवाद और चुनाव नियमों के उल्लंघन जैसे मुद्दे उठाए गए हैं।

इतनी बड़ी संख्या में चुनाव याचिकाएं दाखिल होने से आने वाले समय में अदालत के फैसलों का मुंबई महानगरपालिका की राजनीति पर बड़ा असर पड़ सकता है। राजनीतिक गलियारों की नजर अब आगामी सुनवाई और अदालत के फैसलों पर टिकी हुई है।

BMC चुनाव में महायुति को मिली जीत

बता दें कि इसी साल जनवरी में मुंबई समेत महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकों में चुनाव हुए थे। मुंबई, नागपुर, पुणे, नासिक जैसे बड़े शहरों में भाजपा और महायुति ने जीत दर्ज की थी। मुंबई में भाजपा ने रितु तावड़े को महापौर बनाया। BMC चुनाव में महायुति के घटक दल बीजेपी, शिंदे सेना और आरपीआई (आठवले) को सफलता मिली। इसमें भाजपा के 89 और शिंदे सेना के 29 नगरसेवक चुने गए। वहीं एनसीपी (सुनेत्रा पवार) के 3 नगरसेवकों को मिला दें तो महायुति का संख्या बल 121 हो जाता है, जो बहुमत के आंकड़े 114 से 7 ज्यादा है। विपक्षी दल शिवसेना (यूबीटी) को 65, मनसे 6 और एनसीपी (शरद पवार) ने एक सीट पर जीत दर्ज की है।

Navbharat Live
navbharatlive.com