27,866 महिलाओं की स्तन कैंसर जांच: 1,276 में मिले संदिग्ध लक्षण, मुंबई बीएमसी देगी मुफ्त इलाज

Mumbai Cancer News: बीएमसी के स्तन कैंसर जांच अभियान में 27,866 महिलाओं की जांच की गई। संदिग्ध लक्षण वाली 1,276 महिलाओं का बीएमसी अस्पतालों में निःशुल्क इलाज कराया जाएगा।
Over 27,000 women were screened in BMC's breast cancer drive. BMC announced free mammography and complete treatment for 1,276 suspected cases.
सांकेतिक फोटो (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

BMC Breast Cancer Screening Drive Mumbai: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन के अवसर पर बीएमसी के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित स्तन कैंसर जांच महाअभियान में 27,866 महिलाओं की जांच की गई। इस दौरान 1,276 महिलाओं में संदिग्ध लक्षण पाए गए हैं।

इन महिलाओं की आगे की जांच और आवश्यक उपचार महानगरपालिका की ओर से पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा। इस अभियान में बीएमसी क्षेत्र की 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं ने हिस्सा लिया। शहरभर में बनाए गए 298 जांच केंद्रों पर महिलाओं की स्तन कैंसर की जांच की गई।

अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा बीमारी का समय पर निदान कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जांच के दौरान संदिग्ध लक्षण पाए जाने वाली 1,276 महिलाओं की उनके संबंधित विभाग के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी के मार्गदर्शन में नजदीकी मनपा अस्पतालों में निःशुल्क मैमोग्राफी जांच कराई जाएगी।

आशा सेविकाओं का योगदान

आवश्यकता पड़ने पर उनका आगे का संपूर्ण उपचार भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा, जरूरत के अनुसार महिलाओं की काउंसलिंग भी की जाएगी। इस महाअभियान को सफल बनाने में 360 से अधिक डॉक्टरों, 900 से अधिक पैरामेडिकल कर्मचारियों तथा 2,500 से अधिक सामुदायिक स्वास्थ्य स्वयंसेवकों और आशा सेविकाओं ने योगदान दिया। स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष हरीश भादिर्गे ने कहा कि अभियान को मुंबई के सभी हिस्सों से उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला।

उन्होंने जांच शिविर में भाग लेने वाली महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संदिग्ध लक्षणों वाली सभी महिलाओं की आगे की जांच और आवश्यक उपचार

मुंबई बीएमसी अस्पतालों में निःशुल्क कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर का समय पर पता लगाकर महिलाओं को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

Navbharat Live
navbharatlive.com