

बेस्ट का बस बेड़ा 4,096 करने के साथ चालक और कर्मचारियों की भर्ती जरूरी है।
चार्जिंग, पार्किंग, रखरखाव और कनेक्टिविटी के आधार पर नए बस रूट तय हों।
1,317.50 करोड़ रुपये के घाटे को संभालने की स्पष्ट वित्तीय रणनीति बनाई जाए।
वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगों की सुविधाओं तथा संपत्ति पुनर्विकास से आय बढ़ाई जाए।
BEST Committee Member Ajay Singh Questions: बेस्ट के वर्ष 2027-28 के बजट में बसों की संख्या बढ़ाने, आधुनिक ड्राइविंग सिम्युलेटर, डिजिटल टिकट प्रणाली और बिजली वितरण नेटवर्क को मजबूत करने जैसी योजनाओं का स्वागत करते हुए बेस्ट समिति के सदस्य अजय सिंह ने इनके क्रियान्वयन के लिए ठोस आर्थिक नियोजन और पर्याप्त संसाधनों की जरूरत बताई है।
अजय सिंह ने कहा कि केवल घोषणाओं और महत्वाकांक्षी लक्ष्यों से बेस्ट की समस्याएं हल नहीं होंगी। योजनाओं की व्यावहारिकता, कर्मचारियों की उपलब्धता और वित्तीय व्यवस्था पर भी ध्यान देना जरूरी है।
अजय सिंह ने कहा कि बेस्ट के बस बेड़े को मौजूदा 3,434 बसों से बढ़ाकर 4,096 करने और भविष्य में 10 हजार बसों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
हालांकि, अतिरिक्त बसों के संचालन के लिए पर्याप्त चालक, वाहक और देखभाल कर्मचारियों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों की भर्ती, प्रशिक्षण, वेतन तथा मानव संसाधन पर होने वाले खर्च का विस्तृत खाका पेश करने की मांग की।
अजय सिंह कहा कि बस विस्तार के लिए केवल बसों की खरीद पर्याप्त नहीं है। इसके लिए बेस्ट बस डिपो की क्षमता, पार्किंग, चार्जिंग सुविधाएं, मरम्मत, स्वच्छता और रखरखाव की व्यवस्था का भी नियोजन होना चाहिए। बसों के रूट तय करते समय यात्रियों की संख्या, प्रतिदिन की यात्रा, मौजूदा बस मार्ग, नदी, भारतीय रेलवे और मेट्रो से कनेक्टिविटी तथा नए आवासीय और औद्योगिक क्षेत्रों की जरूरतों का अध्ययन किया जाना चाहिए।
बेस्ट बस के बजट में 8,559.06 करोड़ रुपये की आय और 9,876.56 करोड़ रुपये के खर्च का अनुमान है। इससे 1,317.50 करोड़ रुपये का घाटा दिखाई दे रहा है। वहीं, 649.79 करोड़ रुपये के पूंजीगत खर्च का प्रावधान किया गया है। सिंह ने घाटे पर नियंत्रण और योजनाओं के लिए धन जुटाने की स्पष्ट रणनीति बताने की मांग की।
उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए सुविधाएं बढ़ाने तथा संपत्तियों के पुनर्विकास से स्थायी आय के स्रोत विकसित करने पर भी जोर दिया। उनके मुताबिक, बेस्ट का विस्तार आर्थिक अनुशासन, पारदर्शिता और व्यावहारिक नियोजन के साथ होना चाहिए।