

मुंबई की मेयर रितु तावडे ने अभिनेत्री दीया मिर्जा को बयान दिया।
दिया मिर्जा को बीएमसी कार्यक्रम या आधिकारिक पोर्टल में शामिल नहीं किया जाएगा।
मेयर रितु तावडे का आरोप- दीया मिर्जा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्रोल करती हैं।
हिंदुत्व का विरोध करने वालों को बीएमसी प्रशासन में कोई जगह नहीं मिलेगी।
BMC Mayor Ritu Tawde Statement On Dia Mirza Controversy: अभिनेत्री दीया मिर्जा के प्रदूषण-मुक्त दिवाली अभियान को लेकर शुरू हुए विवाद ने अब राजनीतिक मोड़ ले लिया है। मुंबई की मेयर रितु तावडे ने दीया मिर्जा के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करते हुए उन्हें बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) के किसी भी आधिकारिक कार्यक्रम और पोर्टल से पूरी तरह से बाहर रखने का ऐलान किया है।
मेयर रितु तावडे ने मीडिया से बात करते हुए दीया मिर्जा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने और हिंदुत्व विरोधी बयानबाजी करने का सीधा आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि हम दीया मिर्जा को बीएमसी के किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं करेंगे, खासकर आधिकारिक BMC डिजिटल पोर्टल पर तो उन्हें बिल्कुल भी जगह नहीं दी जाएगी।
वह भविष्य में हमारे द्वारा आयोजित किसी भी अन्य कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बन सकती हैं, क्योंकि वह लगातार हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्रोल करती आई हैं।
रितु तावडे ने पार्टी और नगर निगम के रुख को साफ किया। उन्होंने कहा कि एक मेयर के तौर पर और भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हुए मेरा और हमारी पार्टी का रुख बेहद स्पष्ट है। हम किसी भी ऐसे व्यक्ति को अपने आधिकारिक पोर्टल या मंच पर जगह नहीं देंगे जो हिंदुत्व का विरोध करता हो या देश के नेतृत्व का अपमान करता हो।
मुंबई शहर की विविधता और सांस्कृतिक ताने-बाने का जिक्र करते हुए मेयर रितु तावडे ने कहा कि यह शहर हमेशा से हर वर्ग और धर्म के लोगों को गले लगाता रहा है, लेकिन किसी को भी धार्मिक आस्थाओं या राजनीतिक नेतृत्व पर तंज कसने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
मेयर रितु तावडे ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति हिंदुत्व या हमारी सांस्कृतिक परंपराओं के खिलाफ बोलता है चाहे उसकी जाति, धर्म, संप्रदाय या पहचान कुछ भी हो उसे उसी भाषा में कड़ा जवाब दिया जाएगा। बीएमसी प्रशासन ऐसे मामलों में कोई ढिलाई नहीं बर्दाश्त करेगा।
अभिनेत्री दीया मिर्जा के अभियान पर बीएमसी मेयर रितु तावडे ने कहा कि अगर हम दीया मिर्जा की पूरी प्रोफाइल देखें, तो पता चलता है कि उन्होंने नर्मदा परियोजना और समान नागरिक संहिता (UCC) का विरोध किया है। उन्होंने उन पर्यावरणीय मुद्दों के खिलाफ भी बात की है जिन पर हम काम कर रहे थे, और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयानों का भी विरोध किया है।
रितु तावडे ने कहा कि हमने लगातार देखा है कि उनका विरोध हिंदुत्व और इसके लिए काम करने वालों के खिलाफ रहा है। दूसरी बात, हमें दीया मिर्जा से यह सीखने की जरूरत नहीं है कि हिंदुओं को दिवाली कैसे मनानी चाहिए। हम जानते हैं कि अपनी दिवाली कैसे मनानी है।
दीया मिर्जा पर निशाना साधते हुए रितु तावडे ने कहा कि आप अपना खुद का एजेंडा चला रही हैं, एक चुनिंदा एजेंडा, और आपका कुल मिलाकर रुख बिल्कुल साफ है। इससे पता चलता है कि आप हिंदुत्व के खिलाफ हैं। इसीलिए हमने उनके वीडियो का कड़ा विरोध किया है। हमें उनसे यह सीखने की जरूरत नहीं है कि हिंदुओं के तौर पर हमें दिवाली कैसे मनानी चाहिए।
BMC मेयर रितु तावडे बताया कि यह सच है कि बंबई उच्च न्यायालय ने निर्देश दिए थे कि जाने-माने कलाकार और मशहूर हस्तियां इस संदेश को फैलाने में मदद करें कि आने वाली दिवाली बिना पटाखों के मनाई जानी चाहिए, क्योंकि AQI भी बढ़ रहा है।
रितु तावडे ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) अधिकारियों चेतावनी देते हुए कहा कि इस अभियान के लिए कलाकारों को चुनते समय, चुने गए लोगों की पूरी सूची मेयर के तौर पर मेरे साथ साझा की जानी चाहिए थी। प्रशासन ने मुझे वह सूची देना जरूरी नहीं समझा। इसलिए, आपके माध्यम से मैं उन्हें बताना चाहती हूं कि उन्हें इस सोच से बाहर निकलना होगा कि अभी भी केवल प्रशासनिक नियम ही लागू हैं। अब यहां चुने हुए कॉरपोरेटर मौजूद हैं और मेयर का पद भी है।
उन्होंने कहा कि आपको हर फैसले के बारे में मेयर को सूचित करना चाहिए, उन्हें इसकी जानकारी देनी चाहिए, उनकी मंजूरी लेनी चाहिए और उसके बाद ही उसे लागू करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।