

Highlights
बांद्रा टर्मिनस पर 1 दिसंबर 2026 से 13 फरवरी 2027 तक रहेगा 75 दिन का ब्लॉक।
प्लेटफॉर्म नंबर 5 के सीमेंट कंक्रीट एप्रन की मरम्मत और पुनर्निर्माण होगा।
कई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें बांद्रा की जगह दादर और बोरीवली से चलेंगी।
पांच एक्सप्रेस ट्रेनें बोरीवली में ही समाप्त होंगी।
चार लोकल ट्रेनें पूरे ब्लॉक के दौरान निरस्त रहेंगी।
Western Railway Bandra Terminus Train Block 2026: पश्चिम रेलवे ने बांद्रा टर्मिनस स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 5 के सीमेंट कंक्रीट (सीसी) एप्रन की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए 75 दिनों का बड़ा ट्रैफिक ब्लॉक लेने का निर्णय किया है। यह ब्लॉक 1 दिसंबर 2026 से 13 फरवरी 2027 तक प्रभावी रहेगा।
इस दौरान लंबी दूरी की कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के प्रारंभिक एवं गंतव्य स्टेशनों में बदलाव किया जाएगा। वहीं, कुछ लोकल ट्रेन सेवाएं ब्लॉक अवधि के दौरान निरस्त रहेंगी।
पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ अरुण कुमार मीणा के अनुसार, निर्माण कार्य के चलते कुछ ट्रेनों को बांद्रा टर्मिनस के बजाय दादर से संचालित किया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनें दादर के स्थान पर बांद्रा टर्मिनस से चलेंगी। इसके अलावा 5 ट्रेनों को बोरीवली स्टेशन पर ही समाप्त किया जाएगा और चार ट्रेनों की शुरुआत बांद्रा टर्मिनस के बजाय बोरीवली से होगी।
ब्लॉक के दौरान ट्रेन संख्या 22956 भुज-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस 30 नवंबर 2026 से 12 फरवरी 2027 तक बांद्रा टर्मिनस के बजाय दादर में अपनी यात्रा समाप्त करेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 22955 बांद्रा टर्मिनस-भुज एक्सप्रेस 1 दिसंबर 2026 से 13 फरवरी 2027 तक दादर से रवाना होगी। इसका प्रस्थान समय शाम 5:40 बजे निर्धारित किया गया है।
ट्रेन संख्या 12990 अजमेर-दादर एक्सप्रेस, 12489 श्री गंगानगर-दादर एक्सप्रेस और 20483 भगत की कोठी-दादर एक्सप्रेस अपने निर्धारित गंतव्य दादर के बजाय बांद्रा टर्मिनस पर समाप्त होंगी। इसी तरह इनकी वापसी सेवाएं ट्रेन संख्या 12989 दादर-अजमेर, 12490 दादर-श्री गंगानगर और 20484 दादर-भगत की कोठी बांद्रा टर्मिनस से रवाना होंगी। इन तीनों ट्रेनों का बांद्रा टर्मिनस से प्रस्थान समय दोपहर 2:55 बजे रहेगा।
ब्लॉक अवधि में ट्रेन संख्या 22904 भुज-बांद्रा टर्मिनस, 19056 उधना-बांद्रा टर्मिनस, 10116 मडगांव-बांद्रा टर्मिनस, 19723 जयपुर-बांद्रा टर्मिनस और 19625 दौराई-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस बांद्रा टर्मिनस तक नहीं जाएंगी। इन सभी ट्रेनों को बोरीवली स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा।
ट्रेन संख्या 19055 बांद्रा टर्मिनस-उधना एक्सप्रेस बोरीवली से सुबह 9:40 बजे, 10115 बांद्रा टर्मिनस-मडगांव एक्सप्रेस सुबह 7:25 बजे तथा 19724 बांद्रा टर्मिनस-जयपुर और 19626 बांद्रा टर्मिनस-दौराई एक्सप्रेस सुबह 9:25 बजे रवाना होंगी।
लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ उपनगरीय यात्रियों को भी इस ब्लॉक का असर झेलना पड़ेगा। 1 दिसंबर 2026 से 13 फरवरी 2027 तक चर्चगेट-बोरीवली फास्ट लोकल (14:50 बजे), बोरीवली-चर्चगेट स्लो लोकल (15:40 बजे), चर्चगेट-बोरीवली एसी फास्ट लोकल (17:28 बजे) और बोरीवली-चर्चगेट एसी फास्ट लोकल (18:24 बजे) निरस्त रहेंगी। पश्चिम रेलवे के इस फैसले से बांद्रा टर्मिनस, दादर और बोरीवली से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना होगा।