एक शख्सियत, तीन राजनीतिक रास्ते... बालासाहेब ठाकरे की विरासत को लेकर महाराष्ट्र में अब भी संघर्ष जारी

Balasaheb Thackeray Death Anniversary: बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि पर जानिए कैसे शिवसेना दो धड़ों में बंटी। ठाकरे परिवार की राजनीतिक विरासत, उत्तराधिकार की लड़ाई तथा भविष्य के समीकरणों की पूरी कहानी।
Balasaheb Thackeray Shiv Sena Legacy
बालासाहेब ठाकरे के साथ राज ठाकरे व उद्धव ठाकरेसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • बालासाहेब ठाकरे का निधन 17 नवंबर 2012 को हुआ था

  • साल 2005 में राज ठाकरे ने बालासाहेब से अलग होकर मनसे का गठन किया

  • जून 2022 में एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद शिवसेना दो धड़ों में विभाजित हो गई

  • बालासाहेब के विचारों को बदलते दौर की नई पीढ़ी से जोड़ने की चुनौती

Balasaheb Thackeray Shiv Sena Legacy: महाराष्ट्र की राजनीति में कुछ व्यक्तित्व ऐसे होते हैं, जिनका प्रभाव उनके जीवनकाल तक सीमित नहीं रहता। शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे इसी श्रेणी के नेता थे। 17 नवंबर 2012 को उनके निधन के बाद उनकी बनाई पार्टी कई राजनीतिक मोड़ों से गुजरी। आज उनकी पुण्यतिथि पर सबसे बड़ा सवाल यही है कि उनकी राजनीतिक विरासत किस दिशा में आगे बढ़ रही है?

1966 में शिवसेना की स्थापना करके बालासाहेब ने मुंबई की राजनीति में नया अध्याय शुरू किया। मराठी भाषियों के रोजगार, स्थानीय पहचान और अधिकारों के मुद्दे को उन्होंने राजनीतिक आवाज दी। उनकी भाषण शैली और संगठन बनाने की क्षमता ने उन्हें महाराष्ट्र की राजनीति का प्रभावशाली चेहरा बनाया।

Balasaheb Thackeray Shiv Sena Legacy
बालासाहेब ठाकरेसोर्स: सोशल मीडिया

परिवार से शुरू हुई राजनीतिक दूरी

राज ठाकरे ने 2005 में शिवसेना छोड़ी और 2006 में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की स्थापना की। इसके बाद उद्धव ठाकरे ने शिवसेना का नेतृत्व संभाला। 2019 में भाजपा से गठबंधन टूटने के बाद उद्धव ने कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथ सरकार बनाई। यह शिवसेना की पारंपरिक राजनीति से बड़ा बदलाव था।

Balasaheb Thackeray Shiv Sena Legacy
एक-दो नहीं 5वीं बार शिवसेना में बगावत! जानें बालासाहेब के दौर से शिंदे तक कब-कब टूटी पार्टी

2022 की बगावत ने बदल दिया इतिहास

जून 2022 में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में हुई बगावत ने शिवसेना को दो हिस्सों में बांट दिया। उद्धव ठाकरे की सरकार गिर गई और शिंदे मुख्यमंत्री बने। चुनाव आयोग ने शिंदे गुट को शिवसेना का नाम और धनुष-बाण चुनाव चिह्न दिया। उद्धव गुट को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नाम और मशाल चिह्न मिला।

अब दोनों खेमे बालासाहेब ठाकरे की विरासत पर अपना अधिकार जताते हैं। एक तरफ शिंदे गुट भाजपा के साथ सत्ता में है, तो दूसरी तरफ उद्धव ठाकरे अपनी पार्टी और संगठन को दोबारा मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। राज ठाकरे की मनसे भी मराठी अस्मिता की राजनीति में अपनी भूमिका तलाश रही है।

Balasaheb Thackeray Shiv Sena Legacy
बालासाहेब से कितने अलग हैं उद्धव ठाकरे? कैसे बदली शिवसेना की राजनीति, रिमोट कंट्रोल से MVA सरकार तक की कहानी
Raj and Uddhav Thackeray
राज और उद्धव ठाकरेसोर्स: सोशल मीडिया

क्या फिर एक हो सकते हैं ठाकरे?

उद्धव और राज ठाकरे की नजदीकी ने महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा शुरू की है। मराठी भाषा और स्थानीय पहचान के मुद्दे पर दोनों नेताओं के साथ आने से राजनीतिक संभावनाएं जरूर बनी हैं, लेकिन पारिवारिक नजदीकी को स्थायी राजनीतिक एकता में बदलना आसान नहीं होगा।

बालासाहेब की असली ताकत उनका कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद और संगठन पर पकड़ थी। आज उनके नाम पर राजनीति करने वाले नेताओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती वैसा ही जनविश्वास हासिल करने की है।

बालासाहेब ने शिवसेना बनाई थी, लेकिन आज उनकी विरासत केवल नाम और चुनाव चिह्न की लड़ाई नहीं है। असली सवाल यह है कि कौन उनके राजनीतिक विचारों को बदलते महाराष्ट्र की नई पीढ़ी और उसकी समस्याओं से जोड़ पाएगा?