'शिवसेना में बगावत का स्क्रिप्ट राइटर था भोंदूबाबा', खरात के बहाने राउत का एकनाथ शिंदे पर बड़ा हमला

Ashok Kharat Case: नासिक के ढोंगी बाबा अशोक खरात की गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र की सियासत गरमा गई है। शिवसेना (UBT) ने खरात के बहाने एकनाथ शिंदे पर तीखा हमला बोला है।
ashok kharat tantrik case sanjay raut Vinayak Raut attack on eknath shinde maharashtra politics
संजय राउत व एकनाथ शिंदे (डिजाइन फोटो)
Updated on

Sanjay Raut Attack On Eknath Shinde: ढोंगी बाबा अशोक खरात को लेकर शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत व पूर्व सांसद विनायक राउत ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से तीखा सवाल किया है। उन्होंने दावा किया कि शिंदे के प्रति खरात का विशेष प्रेम था। इस तांत्रिक ने महायुति सरकार में बगावत के समय भी शिंदे का भरपूर साथ दिया था। विनायक राउत ने दावा किया कि खरात ने ही शिंदे को शिवसेना में बगावत के लिए गुवाहाटी का रास्ता दिखाया था। वह पूर्व मंत्री केसरकर ही हैं, जिन्होंने शिंदे की खरात से जान पहचान करवाई थी।

उद्धव गुट के नेताओं का कहना है कि खरात के सीने में कई राज छुपे हैं। अगर उसने मुंह खोला तो महायुति सरकार के आधे से ज्यादा मंत्री बेनकाब हो जाएंगे। अशाेक खरात की खटिया तब खड़ी हुई, जब नासिक पुलिस ने उसे कई महिलाओ का यौन शोषण करने के आरोप में अरेस्ट किया। इसके बाद अब इस ढोंगी तांत्रिक के बड़े राजनेताओं के साथ कनेक्शन भी सामने आ रहे हैं।

किसने खरात को दिल्ली जाने के लिए फ्लाइट उपलब्ध कराई

विनायक राउत ने सरकार से उन बड़े नेताओं के नाम भी सार्वजनिक करने की मांग की है, जिन्होंने खरात को दिल्ली जाने के लिए फ्लाइट उपलब्ध कराई थी। पुलिस जांच करें और साफ करे कि खरात दिल्ली में किससे मिलने जाता था। उसके लिए विमान यात्रा का इंतजाम कौन करता था।

ऑल-पार्टी मीटिंग बुलानी चाहिए

विनायक राउत ने कहा कि सीएम फडणवीस को इस पूरे मामले पर स्थिति साफ करनी चाहिए और संबंधित मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। यदि किसी समुदाय के धार्मिक स्थल के लिए मदद दी जाती है, तो उसकी कोई बुराई नहीं है। लेकिन ऐसे संदिग्धों का साथ देना सही नहीं है। सरकार को इस गंभीर मामले पर एक ऑल-पार्टी मीटिंग बुलानी चाहिए। विपक्ष के नेता को नियुक्त करके एक टीम बनाई जानी चाहिए, राज्य की छवि से जुड़े इस मुद्दे पर मिलकर फैसला लेना बेहद जरूरी है।

40 विधायकों के नाम सार्वजनिक करे सरकार

शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने महायुति सरकार से उन 40 विधायकों के नाम सार्वजनिक करने की मांग की है, जो खरात की दरबार में हाजिरी लगाया करते थे। उन्होंने दावा किया कि सत्ताधारी दल के 40 विधायक इस कथित 'भोंदू बाबा' के करीबी थे और उसके पास नियमित रूप से जाते थे। राउत ने इस मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सच्चाई सामने लाने की मांग की है। यूबीटी सांसद ने कहा कि पूर्व शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर सहित सत्ता पक्ष के नेता खुद स्वीकार कर रहे हैं कि 40 विधायक खरात के संपर्क में थे। ये विधायक खरात का चरणामृत पी रहे थे। ऐसे में उनके नाम उजागर किए जाने चाहिए।

खरात के संपर्क में सिन्नर का नेता

अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति (अंनिस) ने गंभीर आरोप लगाया है कि सिन्नर का एक नेता लंबे समय से अशोक खरात के संपर्क में था। कहा गया कि यह नेता चुनाव के बाद नासिक के अंबड इलाके में मतदान यंत्रों की सुरक्षा के लिए निजी सुरक्षा रक्षक तैनात कर रहा था, जिसमें अंधविश्वास और जादूटोना का इस्तेमाल किया गया, अंनिस के राज्य कार्यवाह कृष्णा चांदगुडे ने इस पूरे मामले की जांच की मांग की है।

खरात की बेटी की शादी का कार्ड वायरल

अशोक खरात के का कारनामों के उजागर होने के बाद अब उसकी की बेटी की शादी का कार्ड भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, इस शादी के कार्ड में मुख्य अतिथि के तौर पर सबसे पहला नाम डिप्टी सीएम एकनाथ है। इसके अलावा विशेष मेहमानों में आशीष शेलार, चंद्रकांत पाटिल, रुपाली चाकणकर, दीपक केसरकर के अलावा उद्धव ठाकरे के बेहद करीबी माने जाने वाले मिलिंद नार्वेकर के नाम भी शामिल है।

Navbharat Live
navbharatlive.com