संजय राउत ने दीपक केसरकर पर बोला हल्ला (सौ. डिजाइन फोटो )
Nashik Ashok Kharat Case: भोंदू बाबा अशोक खरात मामले को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी) के नेता और सांसद संजय राउत और पूर्व सांसद विनायक राउत ने मामले में बड़ा दावा करते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मंत्री दीपक केसरकर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
विनायक राउत ने दावा किया कि अशोक खरात ने ही एकनाथ शिंदे को गुवाहाटी जाने का रास्ता दिखाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि दीपक केसरकर ने शिंदे की पहचान खरात से करवाई थी। राउत के मुताबिक, “जब खरात मुंह खोलेगा तो मौजूदा मंत्रिमंडल के आधे मंत्री बेनकाब हो जाएंगे।
अशोक खरात पर भोंदूगिरी के जरिए कई महिलाओं के साथ यौन शोषण करने के गंभीर आरोप हैं। एक महिला द्वारा दर्ज कराई गई रेप की शिकायत के बाद मामला उजागर हुआ। बताया जा रहा है कि उसके पास करीब 100 से ज्यादा वीडियो हैं, जिनमें से कुछ सोशल मीडिया पर वायरल भी हुए हैं।
फिलहाल खरात को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ जारी है। राउत ने इस मामले में मंत्री दीपक केसरकर की एसआईटी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
विनायक राउत ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मांग की कि वे इस मामले को गंभीरता से लें और मंत्रिमंडल के कथित भ्रष्ट व कलंकित मंत्रियों की जांच कर उन्हें तत्काल पद से हटाएं। उन्होंने कहा कि अंधश्रद्धा विरोधी कानून वाले महाराष्ट्र में ऐसे मामलों का सामने आना शर्मनाक है।
राउत ने खरात की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक खरात की जान को खतरा हो सकता है। ऐसे में गृह विभाग की जिम्मेदारी है कि उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
ये भी पढ़ें :- तांत्रिक अशोक खरात मामले में सियासी टकराव, रुपाली पाटिल ने रुपाली चाकणकर पर लगाए गंभीर आरोप
राउत ने स्पष्ट कहा कि यदि उनके अपने दल का भी कोई नेता इस मामले में शामिल पाया जाता है, तो उसे भी बख्शा नहीं जाना चाहिए, उन्होंने जनता से अपील की कि ऐसे नेताओं का सामाजिक बहिष्कार किया जाए और मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।