

Navi Mumbai Rajbhasha Conference Amit Shah: केंद्र के राजभाषा विभाग द्वारा 14 और 15 सितंबर को छठा अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन नवी मुंबई के वाशी स्थित सिडको एग्जिबिशन सेंटर में आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में देशभर से बड़ी संख्या में शासकीय विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और बैंकों के अधिकारी एवं कर्मचारी भाग लेंगे।
इस आयोजन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मुख्य उपस्थिति रहेगी। मुंबई में आयोजित होने वाले इस बड़े स्तर के राष्ट्रीय कार्यक्रम में स्थानीय निकाय के रूप में मुंबई मनपा की भूमिका को ध्यान में रखते हुए आयुक्त डॉ. कैलाश शिंदे ने हाल ही में पुलिस, यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग जैसे संबंधित प्राधिकरणों के अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक की।
जिसमें उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग अपने स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कड़ाई से सुनिश्चित करें। उनके इस निर्देश पर सभी संबंधित विभागों द्वारा अमल किया जा रहा।
नवी मुंबई महानगरपालिका की ओर से जोन-1 के उपायुक्त डॉ. अमोल पालवे को इस कार्यक्रम के समन्वय हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
वहीं भारत सरकार की ओर से नियुक्त नोडल अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल राम नरेश शर्मा कार्यक्रम की तैयारियों के बारे में समय-समय पर जानकारी लेकर कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
मनपा आयुक्त डॉ.कैलाश शिंदे ने सभी प्राधिकरणों के अधिकारियों को आपस में निरंतर संपर्क में रहकर समन्वय से काम करने और कार्यक्रम को सुव्यवस्थित तथा सुचारू रूप से सफल बनाने का निर्देश दिया। जिस पर सभी प्राधिकरणों के अधिकारियों द्वारा अमल किया जा रहा है।