महाराष्ट्र में बारिश का कहर: आलंदी के चारों पुल डूबे, 408 वारकरी रेस्क्यू, पाली बल्लालेश्वर मंदिर में बाढ़

Indrayani River Overflow: भारी बारिश से इंद्रायणी नदी उफान पर है, जिससे आलंदी के चारों पुल डूब गए हैं और 408 श्रद्धालुओं का रेस्क्यू किया गया है। वहीं पाली के बल्लालेश्वर मंदिर में भी पानी भर गया है।
Indrayani river floods submerge four bridges in Alandi, forcing the rescue of 408 Warkaris. Floodwater also entered the historic Ballaleshwar Temple in Pali.
महाराष्ट्र में बारिश का कहर (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pune Alandi Indrayani River Flood News In Hindi: पुणे और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आषाढ़ी वारी की तैयारियों पर बड़ा असर डाला है। इंद्रायणी नदी के उफान पर आने से आलंदी शहर में प्रवेश करने वाले चारों प्रमुख पुल पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं जिससे शहर का संपर्क लगभग कट गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने वारकरी, श्रद्धालुओं और नागरिकों से फिलहाल आलंदी की ओर यात्रा नहीं करने तथा जहां हैं, वहीं सुरक्षित स्थान पर रुकने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति सामान्य होने तक किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने से बचें।

408 श्रद्धालुओं को किया गया रेस्क्यू

आषाढ़ी वारी के लिए लाखों वारकरियों के आलंदी पहुंचने से पहले आई इस प्राकृतिक आपदा के बीच जिला प्रशासन, आलंदी नगर परिषद, पुलिस, अग्निशमन विभाग, एनडीआरएफ तथा पुणे महानगर आपदा प्रतिक्रिया बल ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 408 श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

पाली के गणपति मंदिर में पानी भरा

रायगढ़ जिले में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश जारी है। कई नदियां और नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में व्यापक बाढ़ आ गई है। इसी बीच, रायगढ़ के पाली स्थित ऐतिहासिक बल्लालेश्वर मंदिर जो प्रसिद्ध अष्टविनायक मंदिरों में से एक है, के मुख्य मंदिर में बाढ़ का पानी घुस गया है। बादल फटने और भारी बारिश के कारण पाली शहर और मंदिर क्षेत्र बाढ़ के पानी से घिर गए है। यह पहली बार है कि मंदिर के गर्भगृह के बाहर मुख्य हॉल में इतनी अधिक मात्रा में पानी जमा हुआ है जिससे स्थानीय लोगों और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। रायगढ़ के सुधागढ़ तालुका में लगातार भारी बारिश हो रही है।

गांधीनगर में सरेराह गिरा होर्डिंग

मुंबई शहर में पिछले एक सप्ताह से तेज हवाओं के साथ लगातार भारी बारिश हो रही है और इसी बारिश के दौरान सोमवार को सुबह पोखरण रोड नंबर 2 के गांधीनगर-सुभाषनगर इलाके में सड़क के बीच में लगा एक होर्डिंग अचानक गिर गया। अच्छी बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

मुंबई के घाटकोपर में 2 साल पहले होर्डिंग गिरने से कई लोगों की मौत हुई थी। दुर्घटना के बाद राज्य के सभी होर्डिंगों की जांच कर खतरनाक होर्डिंगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया गया था। ठाणे शहर में सरेराह होर्डिंग के गिरने की घटना के बाद शहर में एकबार खतरनाक होर्डिंग का मुद्दा गरम हो गया है। ठाणे शहर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल पिंगले ने मनपा आयुक्त को ज्ञापन देकर खतरनाक होर्डिंग के विरूद्ध तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।

Navbharat Live
navbharatlive.com