महाराष्ट्र विधानसभा में उठा एसिड अटैक मुद्दा, सरकार पर सवाल; 10 टीमें आरोपी की तलाश में

Maharashtra Assembly Acid Attack Issue: अहिल्यानगर में 12 वर्षीय छात्रा पर हुए एसिड अटैक का मामला विधानसभा में उठा। विपक्ष ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया।
Pune Uruli Kanchan Husband Acid Attack News
एसिड अटैक (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Ahilyanagar Acid Attack Case Update: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में स्कूल से घर लौट रही छठी कक्षा की 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा पर एसिड अटैक का मुद्दा बुधवार को विधानसभा में गूंजा। इस संवेदनशील मामले को कांग्रेस विधिमंडल दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से विधानसभा में उठाया।

उन्होंने सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी आरोपी अभी तक फरार है। यह गृह विभाग और स्थानीय पुलिस की घोर विफलता है। उन्होंने पूछा कि क्या राज्य में पुलिस का कोई खौफ बचा है?

पुलिस अधीक्षक पर साधा निशाना

वडेट्टीवार ने स्थानीय पुलिस अधीक्षक पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे अपराधियों को पकड़ने की बजाय भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। जब रक्षक ही भ्रष्ट हों, तो अपराधियों का हौसला बढ़ता है और ऐसी क्रूर घटनाएं होती हैं। उधर, विधानसभा अध्यक्ष ने भी मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए सरकार को सदन में विस्तृत वक्तव्य देने के निर्देश दिए।

चित्रा वाघ ने दिया न्याय का आश्वासन

भाजपा विधायक एवं महिला मोर्चा की अध्यक्ष चित्रा वाघ ने कहा कि सरकार की ओर से सर्वोत्तम चिकित्सा सहायता दी जाएगी। आरोपी की तलाश के लिए 10 विशेष दल तैनात किए गए हैं। सीएम देवेंद्र फडणवीस और पालक मंत्री विखे पाटिल इस मामले पर स्वयं नजर रखे हुए हैं, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर जीरो टॉलरेंस की नीति का पालन किया जाएगा।

उपसभापति गोर्डे ने दिए कड़े निर्देश

विप उपसभापति डॉ नीलम गोर्हे ने नाशिक परिक्षेत्र के विशेष पुलिस महानिरीक्षक को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य और सीडीआर संकलन की मांग की। साथ ही सुप्रीम कोर्ट के 'लक्ष्मी बनाम भारत संघ' मामले के निर्देशों के तहत एसिड की बिक्री पर सख्त नियंत्रण लागू करने की अपील की। उन्होंने मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने और अनुभवी विशेष सरकारी वकील नियुक्त करने की भी मांग की।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com