आदित्य ठाकरे बिगाड़ेंगे शरद पवार का खेल! राज्यसभा की सीट पर ठाेका दावा, MVA में मचा हड़कंप

Rajya Sabha Elections: आदित्य ठाकरे ने राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों में महाविकास आघाडी की सीटों पर शिवसेना (UBT) का दावा पेश किया है। इससे MVA में हड़कंप मच गया है।
Aaditya Thackeray Claims Rajya Sabha Seat
शरद पवार व आदित्य ठाकरे (डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

Aaditya Thackeray Claims Rajya Sabha Seat: महाराष्ट्र की राजनीति में राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) के युवा नेता आदित्य ठाकरे ने राज्य विधानसभा में एक बड़ा बयान देते हुए आगामी चुनावों में महा विकास आघाडी (MVA) द्वारा जीती जा सकने वाली सीटों पर अपनी पार्टी का दावा ठोक दिया है। ठाकरे का यह बयान एमवीए के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर नई चर्चा छेड़ सकता है।

विधायकों की संख्या को बनाया आधार

आदित्य ठाकरे ने अपना दावा पेश करते हुए विधानसभा में मौजूद विधायकों के आंकड़ों का हवाला दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अगर आप आंकड़ों को देखें तो राज्यसभा की सीट शिवसेना (यूबीटी) की है और एमवीए में निश्चित रूप से इस दिशा में बातचीत होगी। गौरतलब है कि महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों के गणित में शिवसेना (यूबीटी) के पास वर्तमान में 20 विधायक हैं। एमवीए के अन्य सहयोगियों की बात करें तो कांग्रेस के पास 16 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के पास 10 विधायक हैं।

क्या शरद पवार की राज्यसभा से होगी विदाई?

हालांकि आदित्य ठाकरे ने अपना पक्ष मजबूती से रखा है, लेकिन उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों के संबंध में एमवीए के तीनों प्रमुख साझेदारों कांग्रेस, शिवसेना (उबाठा) और एसीपी (शरदचंद्र पवार) के बीच अभी तक कोई औपचारिक चर्चा नहीं हुई है। सत्ताधारी महायुति गठबंधन के पास सदन में भारी बहुमत है, जिसे देखते हुए विपक्षी एमवीए राज्यसभा और विधान परिषद में केवल एक-एक सीट ही जीतने की स्थिति में नजर आ रहा है। अगर यह एक सीट शिवसेना यूबीटी के खाते में जाती है तो शरद पवार की राज्यसभा से विदाई हो जाएगी।

बता दें कि महाराष्ट्र के राज्यसभा सदस्यों में शरद पवार (NCP-SP), डॉ. भागवत कराड (BJP), प्रियंका चतुर्वेदी (SS-UBT), रामदास आठवले (RPI-A), फौजिया खान (NCP-SP), धैर्यशील पाटिल (BJP) और रजनी पाटिल (INC) का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इनकी सीटों पर चुनाव होने हैं।

16 फरवरी को होगा राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, इन सीटों के लिए आधिकारिक अधिसूचना 26 फरवरी को जारी की जाएगी। मतदान की प्रक्रिया 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। महाराष्ट्र की सात सीटों के अलावा, यह चुनाव ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, असम, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में भी होने हैं।

अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आदित्य ठाकरे के इस दावे पर एमवीए के अन्य सहयोगी दल, विशेष रूप से कांग्रेस, क्या प्रतिक्रिया देते हैं। क्या आंकड़ों के आधार पर शिवसेना (UBT) को यह सीट मिलेगी या गठबंधन में किसी नए चेहरे पर सहमति बनेगी, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com