जरांगे महाराष्ट्र में फिर बढ़ाएंगे सरकार की मुश्किलें, सीएम देवेंद्र फडणवीस को दी सीधी चेतावनी

Manoj Jarange News: महाराष्ट्र में की सियासत में मनोज जरांगे भूचाल लेकर आने वाले हैं। वह ओबीसी आरक्षण को लेकर लाखों कार्यकर्ताओं के साथ मुंबई जाने वाले हैं।
मनोज जरांगे
मनोज जरांगे (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Maratha Reservation: महाराष्ट्र के जालना जिले के अंतरवाली सारथी धरना स्थल पर सोमवार को मराठा समाज के कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने अपनी बात रखते हुए सरकार को साफ संदेश दिया कि जब तक मराठा समाज को आरक्षण नहीं मिलता, वे मुंबई से वापस नहीं लौटेंगे।

मनोज जरांगे पाटिल ने कहा कि वे 27 अगस्त को मराठा आरक्षण की मांग लेकर लाखों मराठा समाज बंधुओं के साथ मुंबई जाने वाले थे, लेकिन अब उनकी मांग में बदलाव आया है। अब वे ओबीसी आरक्षण की मांग लेकर मुंबई की राह पकड़ेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष इस बार आरक्षण लेकर ही समाप्त होगा।

सीएम फडणवीस को जरांगे की चेतावनी

जरांगे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चेतावनी दी कि मराठा समाज के साथ अन्याय बंद होना चाहिए। मनोज ने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस एक व्यक्ति की बात मानकर मराठा समाज के खिलाफ गलत फैसला कर रहे हैं, जो बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनके खिलाफ गलत प्रचार किया जा रहा है कि उन्होंने मुख्यमंत्री की मां के बारे में गलत कहा है।

'मैं किसी की मां बहन के बारे में बयान नहीं देता'

मनोज जरांगे ने साफ शब्दों में कहा, "मैंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मां के बारे में कुछ भी नहीं कहा है। अगर मैंने कहीं ऐसा कहा हो, तो मैं अपने शब्द वापस लेता हूं। मैं कभी किसी की मां-बहन को लेकर बयान नहीं देता। जब हमारी बहनों का खून बहाया जाता है, उन्हें लात-घूंसों से मारा जाता है, तो क्या हमें चुप रहना चाहिए?" उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए पूछा कि जब उनकी बहनें धरने पर खून बहा रही थीं और उनकी मां-बहनों को पीटा जा रहा था, तो क्या उस वक्त वे लोग नहीं थे? अगर वे उनके खिलाफ हैं, तो क्या मराठा समाज में कोई भी खड़ा नहीं हो सकता?

माराठा समाज के मुद्दे पर जीतकर लौटेंगेः जरांगे

मनोज जरांगे ने कहा कि मराठा समाज के लिए यह लड़ाई एक अहम मुद्दा है और वे इसे जीतकर ही लौटेंगे। लाखों मराठा समाज बंधु उनके साथ हैं और वे मुंबई जाकर अपनी मांगों को मजबूती से उठाएंगे। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मनोज जरांगे ने सरकार को भी इशारा दिया कि वे उनके पक्ष में फैसले करें और मराठा समाज के अधिकारों का सम्मान करें। अगर सरकार ने उनकी मांगों को अनसुना किया, तो वे अपनी लड़ाई और तेज करेंगे।-एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com