

Maharashtra Weather Today: महाराष्ट्र इस समय प्रकृति के दोहरे वार का सामना कर रहा है। एक तरफ जहां विदर्भ के जिले भीषण गर्मी और लू (Heat Wave) की चपेट में हैं, वहीं दूसरी ओर कोंकण और पश्चिम महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश और गरज के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटे राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण होने वाले हैं।
विदर्भ के जिलों में सूरज का कहर जारी है। आज और कल (25 मई) के लिए मौसम विभाग ने विदर्भ के कई हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया है।
हैरान करने वाली बात यह है कि विदर्भ में न केवल दिन तप रहे हैं, बल्कि रातें भी गर्म (Warm Night Condition) होने लगी हैं, जिससे नागरिकों को 24 घंटे राहत नहीं मिल रही है।
एक तरफ जहां विदर्भ जल रहा है, वहीं कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में मानसून पूर्व बारिश (Pre-Monsoon Rain) की हलचल तेज हो गई है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए 6 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और इसके उपनगरों में भी उमस का माहौल बना हुआ है। पूर्वानुमान के मुताबिक, मुंबई में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम 28°C के आसपास रहने का अनुमान है।
महाराष्ट्र के कई शहरों में पारा 40 डिग्री के पार बना हुआ है। सबसे अधिक तापमान ब्रह्मपुरी (47.2°C) और वर्धा (47.0°C) में दर्ज किया गया। इसके अलावा चंद्रपुर और अमरावती में भी तापमान 46 डिग्री से अधिक रहा।
विदर्भ के इन इलाकों में भीषण लू का प्रकोप जारी है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।