

Congress Candidates For Maharashtra MLC Elections: महाराष्ट्र विधान परिषद की आगामी पांच सीटों पर होने जा रहे द्विवार्षिक चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने तीन शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा कर दी। पार्टी ने अपने दो निवर्तमान विधान परिषद सदस्यों (MLC) पर फिर से भरोसा जताते हुए उन्हें चुनावी मैदान में उतारा है, जबकि एक सीट पर नए चेहरे को मौका दिया गया है।
नागपुर मंडल स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: कांग्रेस द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार नागपुर मंडल स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कांग्रेस ने अपने निवर्तमान एमएलसी अभिजीत वंजारी को फिर से मैदान में उतारा है।
पुणे मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: यहां से निवर्तमान एमएलसी जयंत दिनकर असगांवकर को पुनः उम्मीदवार बनाया गया है।
अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: इस सीट पर पार्टी ने बदलाव करते हुए नए चेहरे अदिति पोहरे को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
इससे पहले इसी सप्ताह कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) वाले गठबंधन महा विकास आघाडी (MVA) ने आगामी द्विवार्षिक चुनाव मिलकर लड़ने की घोषणा की थी।
यह फैसला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नसीम खान, एसीपी (शरदचंद्र पवार) के नेताओं शशिकांत शिंदे और हर्षवर्धन पाटिल तथा शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत की मौजूदगी में हुई बैठक में लिया गया था।
नसीम खान ने कहा था कि छत्रपति संभाजीनगर (पूर्व में औरंगाबाद) स्नातक सीट, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के पास मौजूद पुणे स्नातक सीट और एक निर्दलीय के पास रही अमरावती शिक्षक सीट को लेकर गठबंधन में बातचीत हुई थी।
महाराष्ट्र विधान परिषद की कुल 5 सीटों (3 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र) के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
नामांकन की अंतिम तिथि: 6 अक्टूबर
नाम वापसी की अंतिम तिथि: 9 अक्टूबर
मतदान की तारीख: 23 अक्टूबर
मतगणना की तारीख: 27 अक्टूबर
जिन सीटों पर चुनाव हो रहे हैं, उनमें से छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट से एनसीपी के सतीश चव्हाण, पुणे स्नातक सीट से एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के अरुण लाड और अमरावती शिक्षक सीट से निर्दलीय किरण सरनाईक का कार्यकाल 6 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। कांग्रेस उम्मीदवारों के नाम तय होने के साथ ही नागपुर, पुणे और अमरावती में चुनावी सरगर्मियां काफी बढ़ गई हैं।