Maharashtra SSC Result: 179 छात्रों को मिले परफेक्ट 100%, कोंकण ने फिर मारी बाजी; जानें अपने शहर का हाल
Maharashtra SSC Result: महाराष्ट्र बोर्ड 10वीं (SSC) का रिजल्ट घोषित। राज्य का कुल परिणाम 92.09% रहा। 179 छात्रों ने 100% अंक हासिल किए और कोंकण विभाग एक बार फिर राज्य में अव्वल रहा।
- Written By: गोरक्ष पोफली
सांकेतिक फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
Maharashtra Board SSC Result News: महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (MSBSHSE) ने वर्ष 2026 की दसवीं (SSC) परीक्षा के परिणाम आज घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष राज्य का कुल सफलता प्रतिशत 92.09% रहा है। नतीजों में एक बार फिर लड़कियों ने लड़कों को पछाड़ते हुए अपना दबदबा कायम रखा है। इस साल की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि राज्य के 179 विद्यार्थियों ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
कोंकण विभाग रहा अव्वल, छत्रपति संभाजीनगर पिछड़ा
हर साल की तरह इस साल भी कोंकण विभाग ने सफलता की दौड़ में बाजी मारी है। कोंकण का परिणाम सबसे अधिक 97.62% रहा। इसके विपरीत, छत्रपति संभाजीनगर विभाग 88.41% के साथ राज्य में सबसे निचले पायदान पर रहा। मुंबई और पुणे जैसे प्रमुख शहरों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 94 प्रतिशत से अधिक का आंकड़ा पार किया है।
विभाग की सफलता का प्रतिशत
- कोंकण: 97.62%
- कोल्हापुर: 95.47%
- मुंबई: 94.97%
- पुणे: 94.24%
- नासिक: 90.53%
- अमरावती: 90.50%
- नागपुर: 89.07%
- लातूर: 88.42%
- छत्रपति संभाजीनगर: 88.41%
बेटियों का परचम बुलंद
नतीजों के आंकड़ों के अनुसार, लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत लड़कों की तुलना में 5.40% अधिक रहा। जहाँ 94.96% लड़कियां सफल हुईं, वहीं लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 89.56% रहा। राज्य के लगभग 4 लाख 82 हजार विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी (First Division) में सफलता प्राप्त की है।
सम्बंधित ख़बरें
‘बागी सांसदों को अलग गुट के रूप में मान्यता न दें…’, ठाकरे गुट की ओम बिरला के साथ मीटिंग में क्या-क्या हुआ?
औद्योगिक विकास की नई रूपरेखा तैयार करेगा CMIA, ‘नीति से निर्मिति’ के मंत्र के साथ नई टीम का ऐलान
महाराष्ट्र की जेलों में बदलाव की बयार! CM फडणवीस और TISS की पहल से मुख्यधारा में लौट रहे कैदी
विलास घुले मर्डर केस में बड़ा मोड़: सांसद के बेटे पर आरोप, सौरभ सोनवणे ने वीडियो जारी कर दी सफाई
यह भी पढ़ें: Maharashtra SSC Result ATKT: 41,065 छात्रों को मिली ATKT, क्या कर पाएंगे कक्षा 11वीं में एडमिशन
नतीजों की प्रमुख विशेषताएं
इस परीक्षा के लिए राज्य के 9 विभागों से कुल 15,55,026 नियमित छात्रों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 15,42,472 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 14,20,486 छात्र सफल रहे। कुल 9,912 दिव्यांग छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 9,042 छात्र उत्तीर्ण हुए। उनका कुल सफलता प्रतिशत 91.22% रहा। राज्य के कुल 6,612 स्कूलों का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहा है, जो राज्य की शिक्षा गुणवत्ता के लिए गौरव की बात है। कुल 64 विषयों की परीक्षा ली गई थी, जिनमें से 20 विषयों का परिणाम 100% रहा। 28,825 निजी छात्रों में से 76.33% उत्तीर्ण हुए, जबकि पुनरपरीक्षार्थियों (Repeater candidates) का पास प्रतिशत 33.79% रहा।
इस परिणाम के साथ ही राज्य के लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है और अब सभी की नजरें 11वीं की प्रवेश प्रक्रिया पर टिकी हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं या अनुत्तीर्ण हुए हैं, उनके लिए पुनर्मूल्यांकन और पूरक परीक्षा के अवसर जल्द ही उपलब्ध कराए जाएंगे।
