HC के आदेश के बाद महाविकास अघाड़ी ने पीछे खींचे कदम, 'महाराष्ट्र' बंद का फैसला लिया वापस

महाविकास आघाडी (एमवीए) ने बदलापुर कांड के विरोध में 24 अगस्त को बुलाए गए 'महाराष्ट्र बंद' को वापस ले लिया है। हालांकि, विपक्ष ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। हाई कोर्ट के आदेश के बाद एमवीए ने यह बड़ा फैसला लिया है।
Maharashtra bandh called off by MVA
महाविकास अघाड़ी (फोटो: एक्स@PawarSpeaks)
Published on: 
Updated on: 

मुंबई. महाविकास आघाडी (एमवीए) ने बदलापुर कांड के विरोध में 24 अगस्त को बुलाए गए 'महाराष्ट्र बंद' को वापस ले लिया है। हालांकि, विपक्ष ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। हाई कोर्ट के आदेश के बाद एमवीए ने यह बड़ा फैसला लिया है।

दरअसल, बॅाम्बे हाईकोर्ट ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों या व्यक्तियों को महाराष्ट्र बंद का आह्वान करने पर रोक लगा दी है। साथ ही राज्य सरकार को बंद को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के आदेश दिए। हाई कोर्ट के आदेश के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने महाराष्ट्र बंद को वापस लेने की अपील की।

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख पटोले ने महाराष्ट्र बंद पर कहा, "बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हुए, सभी कांग्रेस नेता महिलाओं के खिलाफ यौन उत्पीड़न के मामलों और इसे रोकने में महाराष्ट्र सरकार की विफलता के खिलाफ सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने चेहरे/मुंह पर काली पट्टी बांधकर महाराष्ट्र के सभी जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन करेंगे। मैं ठाणे जिले में विरोध प्रदर्शन का हिस्सा रहूंगा।"

वहीं, उद्धव ठाकरे ने कहा कि महाविकास अघाड़ी (एमवीए) ने हाई कोर्ट के आदेश के बाद 24 अगस्त (शनिवार) का बंद वापस ले लिया है, लेकिन विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता पूरे राज्य में मुंह पर काली पट्टी बांधकर राज्य की महायुति सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। ठाकरे ने कहा, "हम बंद पर हाई कोर्ट के आदेश से सहमत नहीं हैं।"

गौरतलब है कि बदलापुर में स्थित एक स्कूल में एक अटेंडेंट ने किंडरगार्टन की तीन और चार साल की दो छात्राओं के साथ यौन शोषण किया। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है। स्कूल प्रबंधन ने प्रधानाचार्य, क्लास टीचर और एक महिला अटेंडेंट को निलंबित कर दिया है। वहीं, इस घटना के बाद राज्य में विरोध प्रर्दशन हो रहे हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com