

Baramati Rahuri By-Election Voting Percentage: महाराष्ट्र की सियासत के लिए आज का दिन बेहद सरगर्मियों भरा रहा। राज्य की दो सबसे चर्चित विधानसभा सीटों बारामती और राहुरी पर उपचुनाव के लिए वोट डाले गए। चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, शाम तक मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया, जिसने राजनीतिक विश्लेषकों को नए समीकरणों पर सोचने पर मजबूर कर दिया है।
बारामती विधानसभा सीट पर पूरे देश की निगाहें टिकी हैं। यह सीट दशकों से पवार परिवार का अभेद्य किला रही है, लेकिन इस बार समीकरण बदले हुए हैं। यहां मुख्य मुकाबला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की सुनेत्रा पवार और अन्य निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, बारामती में 54.96% मतदान दर्ज किया गया है। मतदान के दौरान ग्रामीण इलाकों में लंबी कतारें देखी गईं। बारामती विधानसभा सीट पर पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन के कारण उपचुनाव हो रहा है। अजित पवार का इसी साल 28 जनवरी को बारामती में हुए प्लेन हादसे में निधन हो गया था। इस हादसे में अजित पवार समेत 5 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने एनसीपी की कमान थामी और महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनीं।
अहिल्यानगर जिले की राहुरी सीट पर भी मुकाबला बेहद दिलचस्प है। यहां भारतीय जनता पार्टी के अक्षय कर्डिले और शरद पवार गुट के उम्मीदवार गोविंद मोकाटे के बीच आमने-सामने की टक्कर है। राहुरी में 56.72% मतदान हुआ है। स्थानीय मुद्दों और मराठा आरक्षण जैसे कारकों ने यहां के मतदाताओं को प्रभावित किया है।
राहुरी विधानसभा सीट पर बीजेपी के शिवाजी कर्डिले विधायक थे। 17 अक्टूबर 2025 को दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया था। कर्डिले के निधन से खाली हुई इस सीट पर उपचुनाव के लिए भाजपा ने उनके बेटे अक्षय कर्डिले को अपना उम्मीदवार बनाया है।
इन दाेनाें महत्वपूर्ण सीटों पर उम्मीदवारों की किस्मत अब ईवीएम (EVM) में कैद हो चुकी है। चुनाव परिणामों की घोषणा 4 मई को की जाएगी। अगर दोनों सहानुभूति लहर काम करती है तो बारामती में सुनेत्रा पवार और राहुरी में बीजेपी के अक्षय कर्डिले को फायदा मिलेगा।