Vantara on Madhuri Elephant Case: कोल्हापुर की ‘महादेवी’ के नाम से मशहूर हथिनी माधुरी के शहर लौटने का रास्ता साफ हो गया है। अनंत अंबानी के ‘वनतारा’ ने गुरुवार को एक बयान जारी कर कहा कि हथिनी माधुरी को कोल्हापुर लौटने की इजाजत मिल गई है। यह फैसला हाई-पावर्ड कमिटी (HPC) के 9 सितंबर को जारी आदेश के बाद लिया गया है।
वनतारा के अनुसार, HPC ने दोनों पक्षों की बात सुनने, रिपोर्ट की समीक्षा करने और महाराष्ट्र के नंदानी में मौजूद सुविधा का निरीक्षण करने के बाद माधुरी की वापसी को मंजूरी दी। आदेश में कई शर्तें भी रखी गई हैं, जिनमें यह भी शामिल है कि माधुरी का इस्तेमाल जुलूसों या किसी अन्य काम के लिए नहीं किया जा सकता।
वनतारा ने कहा कि हथिनी को 24 घंटे देखभाल और हर दो हफ्ते में मेडिकल जांच की जरूरत होगी। HPC के निर्देशों का पालन करते हुए माधुरी को 30 जुलाई 2025 को जामनगर स्थित वनतारा लाया गया था। इन निर्देशों को बॉम्बे हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने भी बरकरार रखा था। वनतारा ने कहा कि उसने माधुरी की कस्टडी नहीं मांगी थी, बल्कि निर्देशों के अनुसार उसे अपने पास रखा और उसकी देखभाल की।
ऑर्गनाइजेशन ने कहा कि लगातार वेटरिनरी देखभाल के बाद माधुरी की सेहत स्थिर हो गई है, लेकिन उसकी पुरानी स्वास्थ्य समस्याएं पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। उसे अभी भी सपोर्टिव मैनेजमेंट और नियमित निगरानी की जरूरत है।
वनतारा ने बताया कि इस बदलाव के तहत उसने नंदानी गांव वाली जगह पर हथिनी के रहने के बेहतर इंतजाम, वेटरिनरी इंफ्रास्ट्रक्चर, मेडिकल उपकरण, दवाइयां और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद की है। इसके अलावा, HPC के निर्देशों का पालन करते हुए वनतारा के डॉक्टर हर 15 दिन में कोल्हापुर जाकर ‘माधुरी’ की मेडिकल जांच करेंगे और इसकी रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को सौंपेंगे।
वनतारा ने यह भी बताया कि माधुरी की वापसी से पहले नंदानी की सुविधा और उसके बाड़े में जरूरी व्यवस्थाओं को बेहतर करने की कोशिश की गई है। हालांकि, जमीन और टाउन प्लानिंग से जुड़ी कुछ सीमाओं के कारण फिलहाल बड़े स्तर पर विस्तार संभव नहीं हो पाया है। ट्रस्ट की जमीन के बीच से सड़क निकलने के कारण वहां और बड़े सुधार करने में भी रुकावट आ रही है।
वनतारा का कहना है कि वह नंदानी स्थित सुविधा केंद्र में भविष्य में होने वाले अपग्रेड्स के लिए सहायता देता रहेगा। अगर कोर्ट या सक्षम प्राधिकरण की ओर से निर्देश दिए जाते हैं तो वह हर संभव मदद के लिए उपलब्ध रहेगा।
वनतारा ने अपने बयान में कहा है कि माधुरी की सेहत और भलाई हमेशा उसकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उसके स्वास्थ्य, कल्याण और सम्मान के प्रति वनतारा की प्रतिबद्धता इस बात पर निर्भर नहीं करती कि वह कहां रह रही है।