कोल्हापुर के चंदूर में आधी रात को बवाल! पुलिस पर पथराव और गाड़ियों में तोड़फोड़, ZP सदस्य समेत 10 पर केस

Kolhapur Crime News: कोल्हापुर के चंदूर में दो गुटों के बीच विवाद ने दंगों का रूप ले लिया। उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर हमला कर वाहन के शीशे तोड़ दिए। जिला परिषद सदस्य सहित 10 नामजद।
Kolhapur Chandur Violence News
पुलिस की गाड़ी पर हुआ पथराव (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Kolhapur Chandur Violence News: महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के हातकणंगले तालुका स्थित चंदूर में रविवार आधी रात को भारी हिंसा और बवाल देखने को मिला। चंदूर के सिद्धार्थनगर इलाके में आधी रात करीब साढ़े बारह बजे दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में दंगासदृश स्थिति बन गई, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए और पुलिस वाहन की खिड़कियां तोड़ दी गईं। इस मामले में शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में जिला परिषद सदस्य महेश पाटिल सहित 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

आरोपियों में प्रतीक कांबले, समीर कांबले, रोहित राजू कांबले, लक्ष्मी राजू कांबले, विशाल माने, महेश पाटील, प्रेम महादेव भोसले, अजीत रामदास पवार, राहुल उर्फ रामदास माने और ओंकार बसवराज कल्याणी शामिल हैं।

क्या है पूरा मामला?

रविवार रात करीब साढ़े बारह बजे सिद्धार्थनगर रोड पर 25 से 30 लोगों का एक अवैध जमावड़ा इकट्ठा हुआ था। इसी दौरान दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी पवन गुरव और उनके सहयोगी मौके पर पहुंचे और भीड़ को हटाने की कोशिश की। लेकिन भीड़ अचानक उग्र हो गई और पुलिस पर ही पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव में पुलिसकर्मी पवन गुरव और प्रमोद चव्हाण घायल हो गए। साथ ही पुलिस वाहन पर भी पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

इस मामले में कोल्हापुर पुलिस ने अवैध जमावड़ा, सरकारी काम में बाधा, पुलिस पर हमला और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक विक्रांत गायकवाड, पुलिस निरीक्षक शिवाजी गायकवाड और सहायक पुलिस निरीक्षक शरद वायदंडे ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com