

Jalna Minor Assault Case: महाराष्ट्र के जालना शहर से एक बेहद दुखद और आक्रोशित करने वाली घटना सामने आई है। यहां शहर के सदर बाजार पुलिस थाना क्षेत्र में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग द्वारा 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है।
इस घटना के उजागर होने के बाद पूरे इलाके में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया है और स्थानीय नागरिक आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
यह घटना उस समय घटी जब 6 साल की मासूम बच्ची अपने घर पर अकेली थी। इसी बात का फायदा उठाते हुए 60 वर्षीय आरोपी ने बच्ची को चॉकलेट देने का लालच दिया।
चॉकलेट के झांसे में आकर जब बच्ची आरोपी के साथ चली गई, तो आरोपी उसे अपने घर ले गया। आरोप है कि उसने अपने घर में ले जाकर मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद जब पीड़ित बच्ची घर पहुंची, तो उसने अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई और घटनाक्रम की जानकारी दी। बच्ची की बात सुनकर मां तुरंत देर रात ही सदर बाजार पुलिस थाने पहुंची और पुलिस को पूरी जानकारी देकर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता की मां द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर सदर बाजार पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी बुजुर्ग की पहचान 60 वर्षीय दिनेश सुवर्णकार के रूप में हुई है। मामला दर्ज करने के तुरंत बाद पुलिस एक्शन में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दिनेश सुवर्णकार को गिरफ्तार कर लिया।
पूर्व विधायक कैलास गोरंट्याल और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर सदर बाजार पुलिस थाने परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरने पर बैठे लोगों और पूर्व विधायक की मुख्य मांग यह थी कि पुलिस 60 वर्षीय आरोपी दिनेश सुवर्णकार को तुरंत जनता के हवाले करे।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ बेहद कड़ी से कड़ी सजा और सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। इस घटना को लेकर पूरे जालना शहर में भारी तनाव और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।
मामले के संदर्भ में पुलिस प्रशासन का कहना है कि शिकायत मिलते ही आरोपी दिनेश सुवर्णकार (60) के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़े सभी महत्वपूर्ण तथ्यों और सबूतों को जुटाया जा रहा है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।