

Jalna Illegal Water Connections Removal: जालना, शहर की मुख्य जलापूर्ति जलापूति व्यवस्था को प्रभावित व परेशानी खड़ी कर रहे अवैध कनेक्शनों पर मनपा का हंटर पड़ा है। पुलिस की कड़ी तैनाती के बीच बीते दिन अंबड़ से जालना तक की मुख्य पाइपलाइन पर 68 गैरकानूनी नल कनेक्शन हटाए गए। माजरा देखने नागरिकों की भीड़ उमड़ी। प्रशासन के अनुसार, ये सभी अवैध कनेक्शन पाइप लाइन के एयर वाल्व से जोड़े गए थे और इनके जरिए 24 घंटे पानी का उपयोग किया जा रहा था। यही नहीं, इससे शहर की नियमित जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
ईमानदारी से पानी का बिल भरने वाले नागरिकों को सप्ताह में केवल एक बार ही पानी मिल पा रहा था, जिससे उनके दैनिक जीवन में भारी कठिनाइया उत्पन्न हो रही थीं। इन अवैध कनेक्शनों के कारण पाइपलाइन में पानी का दबाव और कुल आपूर्ति दोनों में भारी गिरावट आ रही थी, जिससे अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुच पा रहा था।
आम जनता से लगातार मिल रही शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए, मनपा आयुक्त अंजलि शर्मा के कड़े निर्देश पर एक विशेष और व्यापक अभियान चलाया गया। इस मुहिम में जलापूर्ति विभाग, मनपा के वरिष्ठ अधिकारियों व अनुभवी कर्मचारियों की संयुक्त टीम के साथ-साथ पुलिस बल की भारी तैनाती भी की गई।
यह सुरक्षा व्यवस्था इसलिए सुनिश्चित की गई ताकि कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार के विरोध या गंभीर कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो और अभियान बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
इस कार्रवाई में सभापति पूनम राजस्वामी, उपायुक्त नंदा गायकवाड़, सहायक आयुक्त अपर्णा जाधव, जल अभियंता राजेश बगले, वितरण प्रभारी ढगे, राजू मोरे संग कई अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा पुलिस निरीक्षक संतोष साबले ने अपनी टीम के साथ संभाला।
केस दर्ज करने की दी चेतावनी
अवैध नल कनेक्शनों को लेकर महानगर पालिका बेहद सख्त है। महानगर पालिका ने चेतावनी देते हुए कहा है कि आगे यदि कोई भी व्यक्ति मुख्य जलापूर्ति लाइन या एयर वाल्व से अवैध कनेक्शन लेते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सीधे पुलिस में आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा व कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महानगरपालिका का मानना है कि इन 68 अवैध कनेक्शनों को हटाने से पानी की बर्बादी रुकेगी और पाइपलाइन में दबाव बढ़ेगा। इसके चलते शहर के नागरिकों को अब अधिक नियमित और सुचारु जलापूर्ति मिलने की उम्मीदें जगी है।