जालना मेडिकल कॉलेज को शुरू होगा MD/MS कोर्स, 35 सीटों की मिली मंजूरी

Jalna Medical College: जालना सरकारी मेडिकल कॉलेज को MD/MS पाठ्यक्रम के लिए 35 सीटों की मंजूरी मिली। 11 विषयों में PG शिक्षा शुरू होने की संभावना, विधायक अर्जुन खोतकर के प्रयासों से मिली बड़ी सफलता।
Jalna Medical College MD-MS Course
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Jalna Medical College MD-MS Course: जालना जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय को अब MD/MS पदव्युत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए 35 सीटों की स्वीकृति मिल गई है। महाविद्यालय को अनिवार्यता प्रमाण-पत्र अर्थात Essentiality Certifi-cate जारी होने के बाद आगामी शैक्षणिक वर्ष से यहां विभिन्न विशेषज्ञता शाखाओं में पोस्ट ग्रेजुएट शिक्षा प्रारंभ होने की संभावना प्रबल हो गई हैं।

राज्य सरकार के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने कुल 11 विषयों मेडिसिन, शल्य चिकित्सा, स्त्री रोग एवं प्रसूति, एनेस्थीसिया, कान-नाक-गला, शरीर रचना, शरीर क्रिया, जैव एवं रसायन, माइक्रोस्कोपी संरचनात्मक अध्ययन, न्यायवैद्यक व फार्माकोलॉजी में MD/MS पाठ्यक्रम प्रस्तावित किए हैं।

अब अगली प्रक्रिया के तहत यह प्रस्ताव राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग को भेजा जाएगा, जिसकी स्वीकृति मिलने पर जिले में पहली बार PG पाठ्यक्रमों की शुरुआत संभव होगी।

चिकित्सा क्षेत्र में खुलेंगी संभावनाएं

विशेषज्ञों का मानना है कि MD/MS पाठ्यक्रम शुरू होने से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर में सुधार आएगा। इससे जिले को न केवल अधिक कुशल विशेषज्ञ डॉक्टर मिलेंगे, बल्कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध होने के साथ ही चिकित्सा क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी। स्थानीय विद्यार्थियों को जिले में ही उच्च चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

MLA खोतकर के प्रयास लाए रंग

इसके लिए विधायक अर्जुन खोतकर के सतत व प्रभावी प्रयास रहे। यहां के मेडिकल कॉलेज में पदव्युत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए उन्होंने केंद्र व राज्य स्तर पर प्रयास किए। यही नहीं, नई दिल्ली में हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात कर यहां के स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

इन्होंने निभाई अहम भूमिका

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, अजित पवार व चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ से निरंतर संपर्क कर आवश्यक मंजूरियां सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com