जालना में नकल पर हाईटेक वार: ड्रोन + CCTV से बोर्ड परीक्षा पर पहरा, जिलाधिकारी का सख्त आदेश
Jalna Board Exam: जालना में 10वीं-12वीं परीक्षाओं पर हाईटेक निगरानी रहेगी। 12 केंद्रों पर ड्रोन कैमरे, सभी केंद्रों पर CCTV और नकल कराने वालों पर आपराधिक कार्रवाई होगी।
- Written By: अंकिता पटेल
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Jalna Board Exam CCTV Surveillance: जालना जिलाधिकारी आशिमा मित्तल ने 10वीं व 12वीं परीक्षाओं के बारे में कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की मजबूत व्यवस्था की गई है। जिले के संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। बारहवीं के 8 व दसवीं के 4 कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी के साथ वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी।
नकल मुक्त अभियान को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति दसवीं या बारहवीं परीक्षा में नकल कराने में सहयोग करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज कर सेवा से निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी कार्यालय के सभागृह में आयोजित दसवीं बारहवीं परीक्षाओं से संबंधित दक्षता समिति की बैठक में वे बोल रही थीं।
बैठक में उपजिलाधिकारी नम्रता चाटे, पुलिस उपअधीक्षक रवींद्र निकालजे, शिक्षा अधिकारी बालू खरात संग शिक्षा विभाग व संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
सम्बंधित ख़बरें
परिवार ने दर्ज कराई लड़की लापता होने की रिपोर्ट, पुलिस ने कहा- हमारी गाड़ियों में डिजल नहीं, हम नहीं ढूंढ सकते
धुले डबल मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा, तांत्रिक ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती को उतारा मौत के घाट
राजस्व मंत्री को कागज से हवा देने लगी महिला शहराध्यक्ष, इस व्यवहार पर चंद्रशेखर बावनकुले ने तुरंत लगाया ब्रेक
ठाकरे सेना को एक और तगड़ा झटका? हिंगोली के सांसद नागेश पाटिल आष्टीकर पहुंचे शिंदे के ‘नंदनवन’ आवास
10 फरवरी से 10वीं की परीक्षा होगी शुरू
जिले में माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल के अंतर्गत उच्च माध्यमिक प्रमाणपत्र (बारहवी) की परीक्षाएं 30 फरवरी से 18 मार्च 2026 तक व माध्यमिक शालांत प्रमाणपत्र (दसवीं) की परीक्षाएं 20 फरवरी से 18 मार्च 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। बारहवीं परीक्षा के लिए 37,338 विद्यार्थियों के लिए 79 परीक्षा केंद्र व 10वीं परीक्षा के लिए 32,433 विद्यार्थियों हेतु 102 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए है।
जिलाधिकारी मित्तल ने कहा कि विद्यार्थियों की वास्तविक क्षमता के विकास के लिए नकल पर रोक लगाना बेहद जरूरी है। परीक्षाएं शांतिपूर्ण व तनाद मुक्त वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए नकल मुक्त व्यवस्था अनिवार्य है,
6 उड़न दस्तों का किया गया गठन
हर परीक्षा केंद्र पर दो अधिकारी-कर्मियों की स्थायी निगरानी टीम तैनात की जाएगी। जिलेभर में कुल 6 उड़न दस्ते (पलाइन स्क्वॉड) बनाए गए है, जो सभी परीक्षा केंद्रों पर सतत निगरानी रखेंगे, किसी भी अनियमितता से बचने के लिए केंद्र संचालकों से विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया गया है।
यह भी पढ़ें:-जालना में अपराध पर बड़ा वार: कदीम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात अपराधी MPDA के तहत गिरफ्तार
डीएम मित्तल ने कहा कि केंद्र संचालक के अलावा परीक्षा केंद्र पर किसी अन्य व्यक्ति को मोबाइल फोन के उपयोग की अनुमति नहीं होगी, परीक्षा केंद्र परिसर में धारा 144 लागू रहेगी, परीक्षार्थियों की जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा, जिले के 12 संवेदनशील परीक्षा केंद्रों के लिए अलग दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, निगरानी के लिए एक पृथक वॉट्स एप समूह भी बनाया गया है।
पारदर्शी होगी व्यवस्था
प्रशासन परीक्षाओं को पारदशीं व सुव्यवस्थित ढंग से कराने के लिए कड़े कदम उठा रहा है। नकल का प्रयास करने वाले परीक्षार्थियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी भी प्रलोभन मैं न आएं व अपने अध्ययन के आधार पर उत्तर लिखें।
उत्कृष्ट संचालन वाले 10 केंद्र होंगे सम्मानित
इन परीक्षाओं के सफल व उत्कृष्ट संचालन में योगदान देने वाले शीर्ष दस केंद्र प्रमुखों का सम्मान पालकमंत्री के हाथों किया जाएगा, बैठक के दौरान उपस्थित केंद्र प्रमुखों ने मेरे परीक्षा केंद्र पर नकल नहीं होने देंगे की सामूहिक प्रतिज्ञा भी ली। बैठक में जिले के सभी शिक्षा अधिकारी व केंद्र संचालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
