जलगांव के 20 साल के विकास प्लान पर महासभा में हंगामा, अधूरी जानकारी के बीच कैसे मिली मंजूरी?

Jalgaon Municipal Corporation: जलगांव मनपा की विशेष महासभा में 20 साल के विकास आराखड़े पर अधूरी जानकारी को लेकर हंगामा हुआ, लेकिन एक बड़े नेता के फोन कॉल के बाद प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई।
Jalgaon Development Plan DP
जलगांव महानगरपालिका (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • जलगांव के अगले 20 वर्षों के विकास से जुड़े प्रारूप आराखड़े पर विशेष महासभा में चर्चा हुई।

  • नगरसेवक विशाल भोले ने अधूरे प्रस्तुतिकरण और जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर सवाल उठाए।

  • महापौर दीपमाला काले ने भी प्रशासन की तैयारी पर नाराजगी जताई।

Jalgaon Development Plan DP: जलगांव शहर के अगले 20 वर्षों का विकास तय करने वाले प्रारूप विकास आराखड़े को लेकर मनपा की विशेष महासभा में रविवार को सवालों और असंतोष का माहौल रहा। तीन साल से तैयार हो रहे इस महत्वपूर्ण मसौदे पर चर्चा के लिए नगरसेवकों को सीमांकन से संबंधित महत्वपूर्ण टिप्पणी तक उपलब्ध नहीं कराई गई।

नगरसेवकों ने अधूरी जानकारी के आधार पर निर्णय लेने पर सवाल उठाए। लेकिन इसी बीच जिले के एक बड़े नेता का फोन आने के बाद महासभा का घटनाक्रम बदलने और प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की चर्चा ने पूरे मामले को राजनीतिक रंग दे दिया।

दीपमाला काले ने भी अधिकारियों की अधूरी तैयारी पर नाराजगी जताई

महापौर दीपमाला काले की अध्यक्षता में हुई विशेष महासभा में शुरुआत से ही प्रशासन की तैयारी पर सवाल उठे नगरसेवक विशाल भोले ने मसौदे के प्रस्तुतिकरण पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शहर के भविष्य से जुड़े इतने महत्वपूर्ण विषय को जिस गंभीरता और स्पष्टता से सदस्यों के सामने रखना चाहिए था, वैसा नहीं किया गया।

मसौदा व्यापक है, लेकिन उसका प्रस्तुतिकरण प्रभावहीन रहा और पीपीटी दिखाई गई। जब पिछले तीन वर्षों से इसकी तैयारी चल रही थी, तो बैठक में जरूरी दस्तावेज और सीमांकन की टिप्पणी उपलब्ध क्यों नहीं कराई गई?

जबकि एजेंडे के साथ निर्णय के लिए आवश्यक जानकारी क्यों नहीं दी गई? महापौर दीपमाला काले ने भी अधिकारियों की अधूरी तैयारी पर नाराजगी जताई। बैठक में सवालों और असंतोष के कारण प्रस्ताव पर निर्णय की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही थी।

Jalgaon Development Plan DP
सूखे की आशंका के बीच महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला, 30 जून 2027 तक गांवों में पूरे होंगे जल संरक्षण के काम

फोन के बाद आगे बढ़ी कार्यवाही

इसी दौरान प्रशासनिक सूत्रों के हवाले से चर्चा सामने आई कि जिले के एक बड़े नेता का संबंधित जनप्रतिनिधि को फोन आया। इसके बाद महासभा की कार्यवाही ने गति पकड़ी और प्रारूप विकास आराखड़े को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई।

हालांकि, फोन कॉल और प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बीच सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिर भी बैठक में पहले उठे सवालों और बाद में हुए घटनाक्रम के कारण यह चर्चा राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में महत्वपूर्ण बनी हुई है।

Jalgaon Development Plan DP
पंडित नेहरू ने की थी इस मर्सिडीज-बेंज से यात्रा! मुंबई में क्लासिक कार रैली को प्रताप सरनाईक ने दिखाई हरी झंडी

मंजूरी मिली, लेकिन सवाल बाकी

मसौदा में सड़कें, पार्किंग, उद्यान, अस्पताल, खेल परिसर और हरित क्षेत्रों के लिए आरक्षण प्रस्तावित हैं। महासभा की मंजूरी के बाद इसे राजपत्र और समाचार पत्रों में प्रकाशित किया जाएगा। नागरिकों, किसानों और जमीन मालिकों को आपत्ति और सुझाव देने का अवसर मिलेगा। सुनवाई के बाद मसौदा अंतिम मंजूरी के लिए राज्य सरकार को भेजा जाएगा।

जलगांव जिले की जमीनों और संपत्तियों पर दूरगामी असर डालने वाले मसौदे पर नगरसेवकों को ही पूरी जानकारी नहीं मिली, तो आम नागरिकों के सामने इसकी तकनीकी और सीमांकन संबंधी जानकारी किस तरह रखी जाएगी, यह सवाल अब भी कायम है।

आम नागरिकों की तरह अब नगर सेवक भी इस पर आपत्ति और सुझाव देंगे। उन्होंने विशेष अधिकार प्राप्त होने के कारण नाराजगी सुनाई दी।

- नवभारत लाइव के लिए जलगांव से वाहिद काकर की रिपोर्ट