

Jalgaon Municipal Corporation: जलगांव सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और जरूरी प्रमाणपत्रों के लिए अब नागरिकों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जलगांव महानगरपालिका और तहसील प्रशासन की ओर से नागरिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए 'छत्रपति शिवाजी महाराज महाराजस्व एकदिवसीय समाधान शिविर' का आयोजन शुक्रवार, 15 मई को किया जा रहा है।
शिविर में महापालिका और महसूल विभाग की 17 से अधिक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। शासन के 'महाराजस्व अभियान' के तहत आयोजित यह शिविर जिलेपेठ स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल सभागार (लेवा भवन) में सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
शिविर का उद्देश्य नागरिकों के लंबित प्रकरणों का त्वरित निपटारा करना, विभिन्न प्रमाणपत्रों के आवेदन स्वीकार करना तथा पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है। महापालिका और तहसील विभाग के अलग-अलग स्टॉल शिविर में जलगांव महानगरपालिका और तहसील कार्यालय की ओर से स्वतंत्र स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां नागरिकों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध होंगी।
जलगांव महानगरपालिका की ओर से जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, विवाह पंजीयन, भवन निर्माण अनुमति, प्रधानमंत्री आवास योजना, महिला एवं बाल कल्याण योजनाएं, दिव्यांग योजना आवेदन, आयुष्मान भारत कार्ड वितरण तथा बचत समूहों को ऋण वितरण जैसी सेवाएं दी जाएंगी। इसके अलावा विशेष रक्त जांच शिविर का भी आयोजन किया गया है।
शहरवासियों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई है इस पहल से नागरिकों का समय और पैसा दोनों बचेंगे तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गति आएगी।
- शोभा बाविस्कर,अतिरिक्त आयुक्त मनपा