जलगांव-जालना रेल लाइन: 162 किमी घटेगी दूरी, बनेगी देश की सबसे लंबी 23.5 किमी की सुरंग; जानें पूरा प्रोजेक्ट

Jalgaon Jalna New Railway Line: 7,106 करोड़ की लागत से बनने वाली जलगांव-जालना नई रेल लाइन से सफर 162 किमी कम होगा। इस प्रोजेक्ट में देश की सबसे लंबी 23.5 किमी की परिवहन सुरंग भी बनेगी।
Jalgaon Jalna New Railway Line Tunnel Project
जलगांव-जालना नई रेल लाइन का नक्शासोर्स: एक्स/@Central_Railway
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • जलगांव से जालना के बीच रेल सफर 336 किमी से घटकर 174 किमी रह जाएगा

  • पहाड़ी क्षेत्र में 23.5 किमी लंबी आधुनिक सुरंग का निर्माण होगा

  • इस प्रोजेक्ट की लागत 7,106 करोड़ रुपए है

Jalgaon Jalna New Railway Line Tunnel Project: जलगांव से जालना के बीच रेल सफर 336 किलोमीटर का है, लेकिन प्रस्तावित नई रेल लाइन बनने के बाद यह दूरी घटकर महज 174 किलोमीटर रह जाएगी। यानी यात्रियों को 162 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। 7,106 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस रेल लाइन की सबसे बड़ी खासियत 23.5 किलोमीटर लंबी सुरंग होगी, जिसे देश की सबसे लंबी परिवहन सुरंग बताया जा रहा है।

जलगांव-जालना नई रेल लाइन परियोजना केवल दो शहरों के बीच दूरी घटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तर महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के बीच रेल संपर्क, कृषि उपज की ढुलाई और औद्योगिक परिवहन की नई संभावनाएं भी खोलेगी।

174 किमी लंबे रेल मार्ग के लिए 935 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण

करीब 174 किलोमीटर लंबे इस रेल मार्ग के लिए लगभग 935 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण करना होगा। केंद्र और राज्य सरकार की समान आर्थिक भागीदारी से परियोजना पूरी की जाएगी। भूमि अधिग्रहण, तकनीकी प्रक्रियाओं और निर्माण कार्य के विभिन्न चरणों को पूरा करने के बाद इसे चार से पांच साल में तैयार करने का नियोजन है। निर्माण के दौरान करीब 60 लाख मानव दिवस रोजगार सृजन का अनुमान है।

Jalgaon Jalna New Railway Line Tunnel Project
पुणेकरों के लिए खुशखबरी! मेट्रो लाइन-3 के दो नए स्टेशन आज से शुरू, अब बालेवाड़ी का सफर होगा सुपरफास्ट

23.5 किमी की सुरंग बनेगी इंजीनियरिंग की बड़ी चुनौती

इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा 23.5 किलोमीटर लंबी सुरंग होगी। पहाड़ी क्षेत्र से रेल मार्ग निकालने के लिए आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीक का सहारा लेना पड़ेगा। सुरंग बनने से रेल मार्ग को सीधा और अपेक्षाकृत छोटा रखने में मदद मिलेगी। इसकी लंबाई इसे परियोजना का सबसे विशिष्ट निर्माण कार्य बनाती है। सुरंग का निर्माण तकनीकी दृष्टि से चुनौतीपूर्ण होने के साथ परियोजना की समयसीमा भी तय करेगा।

जलगांव-जालना नई रेल लाइन के प्रमुख बिंदू

  • परियोजना की लागत: ₹7,106 करोड़

  • राज्य सरकार की हिस्सेदारी: 50%

  • रोजगार: 60 लाख मैन-डे

  • अधिग्रहित की जाने वाली भूमि: 935 हेक्टेयर

  • CO2 उत्सर्जन में बचत: 54 करोड़ किलोग्राम, जो 2.2 करोड़ पेड़ों के बराबर है

रेल संपर्क सुधरा तो किसानों और उद्योगों को भी मिलेगा लाभ

इस मार्ग से उत्तर महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के बीच माल परिवहन का नया विकल्प उपलब्ध होगा। जलगांव क्षेत्र के कपास, मक्का और अन्य कृषि उत्पादों के साथ मराठवाड़ा की सोयाबीन उपज की ढुलाई आसान हो सकेगी। इसके अलावा खाद, सीमेंट, लोहा और अन्य औद्योगिक सामान के परिवहन में भी समय और लागत बचने की संभावना है। गुजरात और मध्यप्रदेश के साथ रेल संपर्क मजबूत होने से व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है।

अजंता गुफाओं और राजूर गणपति तक पहुंच होगी आसान

रेल संपर्क बेहतर होने से विश्व धरोहर अजंता की गुफाएं और भोकरदन तहसील के राजूर गणपति मंदिर तक पर्यटकों की पहुंच आसान होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय परिवहन, होटल, खानपान और पर्यटन से जुड़े व्यवसायों को अवसर मिल सकते हैं।

Jalgaon Jalna New Railway Line Tunnel Project
December Holidays 2026: महाराष्ट्र में दिसंबर में कब-कब बंद रहेंगे बैंक, स्कूल और सरकारी दफ्तर? देखें लिस्ट

अब निगाहें जमीन अधिग्रहण और निर्माण पर

परियोजना की वास्तविक गति भूमि अधिग्रहण, वित्तीय उपलब्धता और तकनीकी मंजूरियों पर निर्भर करेगी। 162 किलोमीटर की दूरी घटाने और दो बड़े क्षेत्रों को सीधे जोड़ने का लक्ष्य तभी जमीन पर उतरेगा, जब ये प्रक्रियाएं तय समय में पूरी होंगी।